पी.एम.श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय दुवाकोटी का वार्षिकोत्सव: सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों की शानदार प्रस्तुति
गजा, टिहरी: गजा विकास खंड चम्बा के पी.एम.श्री.राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय दुवाकोटी में वार्षिकोत्सव का आयोजन हुआ। विद्यालय के नन्हे मुन्ने बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। समारोह का शुभारंभ मुख्य अतिथि नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान, विशिष्ट अतिथि चम्बा ब्लॉक की निवर्तमान प्रमुख श्रीमती शिवानी विष्ट और अन्य गणमान्य अतिथियों ने किया।
अतिथियों ने सरस्वती वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत की, जिसके बाद विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना सहित अनेक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। प्रधानाध्यापिका श्रीमती मंजू राणा और सहायक अध्यापक उत्तम सिंह रावत ने विद्यालय की वर्षभर की उपलब्धियों से अतिथियों को अवगत कराया।
मुख्य अतिथि कुंवर सिंह चौहान ने अपने संबोधन में विद्यालय के बेहतरीन शिक्षण कार्य की सराहना की और अन्य अभिभावकों से विद्यालय में बच्चों के प्रवेश के लिए प्रेरित किया। समारोह के दौरान बच्चों ने गढ़वाली गीतों और “छोटा बच्चा समझ के” जैसे गीतों पर मनमोहक प्रस्तुतियां दीं।
समारोह का समापन प्रधानाध्यापिका श्रीमती मंजू राणा द्वारा सभी अतिथियों और अभिभावकों के आभार व्यक्त करने के साथ हुआ, जिसमें विद्यालय के प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को पुरस्कार वितरित किए गए।
