नियम उल्लंघन पर एक मेडिकल स्टोर की दवा बिक्री पर लगी रोक
चंबा, टिहरी गढ़वाल | 19 जनवरी 2026
जनहित में सुरक्षित एवं गुणवत्तायुक्त औषधियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं औषधि विभाग की संयुक्त टीम द्वारा जनपद टिहरी गढ़वाल के चंबा क्षेत्र में औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण अभियान में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, वरिष्ठ औषधि निरीक्षक सी.पी. नेगी एवं औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा संयुक्त रूप से शामिल रहे।
चार मेडिकल स्टोरों का निरीक्षण, नमूने लिए गए
औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के दौरान कुल 04 औषधि विक्रय प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान—
04 औषधि नमूने जांच एवं विश्लेषण हेतु नियमानुसार संकलित किए गए
एक प्रतिष्ठान में ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स अधिनियम एवं नियमों के गंभीर उल्लंघन पाए गए
उल्लंघन की गंभीरता को देखते हुए संबंधित प्रतिष्ठान की दवा बिक्री एवं क्रय पर तत्काल रोक लगा दी गई है तथा मामले में नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
जनहित में जारी रहेगा निरीक्षण अभियान
औषधि निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह निरीक्षण अभियान आमजन को मानक, सुरक्षित और गुणवत्तायुक्त दवाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार के निरीक्षण अभियान नियमित रूप से जारी रहेंगे, ताकि औषधि विक्रय में पारदर्शिता बनी रहे और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जा सके।
