टिहरी में 25 सितंबर से शुरू होगा ‘सेवा संकल्प अभियान’, गांव-गांव लगेंगे बहुउद्देशीय शिविर
7 अक्टूबर तक न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर होंगे शिविर, 23 विभागों के अधिकारी मौके पर रहेंगे मौजूद; पात्र लाभार्थियों को तत्काल मिलेगा योजनाओं का लाभ
टिहरी गढ़वाल, 23 सितंबर 2026। केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने तथा ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान करने के उद्देश्य से जनपद टिहरी गढ़वाल में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू किया जाएगा। अभियान के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर 2026 तक जनपद के विभिन्न विकासखंडों में न्याय पंचायत एवं ग्राम पंचायत स्तर पर बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने बताया कि शासन से प्राप्त निर्देशों के क्रम में आयोजित किए जा रहे इन शिविरों का उद्देश्य आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराना, पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ना तथा उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करना है।
इन स्थानों पर आयोजित होंगे शिविर
निर्धारित रोस्टर के अनुसार बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन इस प्रकार किया जाएगा—
- 25 एवं 26 सितंबर: विकासखंड थौलधार सभागार कक्ष
- 27 एवं 28 सितंबर: विकासखंड जौनपुर मुख्यालय सभागार
- 29 एवं 30 सितंबर: विकासखंड कीर्तिनगर, राजकीय इंटर कॉलेज आछरी खूंंट
- 30 सितंबर एवं 1 अक्टूबर: विकासखंड भिलंगना मुख्यालय सभागार
- 1 एवं 2 अक्टूबर: विकासखंड चम्बा, सुनार गांव
- 3 एवं 4 अक्टूबर: विकासखंड जाखणीधार, राजकीय महाविद्यालय पोखाल
- 4 एवं 5 अक्टूबर: विकासखंड प्रतापनगर, राजकीय इंटर कॉलेज लंबगांव
- 5 एवं 6 अक्टूबर: विकासखंड देवप्रयाग, राजकीय इंटर कॉलेज हिंदोलाखाल
- 6 एवं 7 अक्टूबर: विकासखंड नरेंद्रनगर, राजकीय पॉलीटेक्निक गजा
जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशों के अनुसार प्रत्येक शिविर में स्थानीय विधायक/मंत्री एवं जिला स्तरीय उच्च अधिकारियों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाएगी।
23 विभागों के अधिकारी रहेंगे मौजूद
जिलाधिकारी के अनुसार 25 सितंबर 2026 से शुरू होने वाले शिविरों के प्रथम दिवस बहुउद्देशीय एवं स्वास्थ्य शिविर में मुख्य रूप से 23 विभागों के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे।
इनमें राजस्व, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, कृषि एवं कृषक कल्याण, समाज कल्याण, सैनिक कल्याण, महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति, गृह, श्रम, चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, आयुष, पशुपालन/डेयरी/मत्स्य, ऊर्जा, सहकारिता, लोक निर्माण विभाग/पीएमजीएसवाई, शिक्षा, पेयजल, सिंचाई, वन, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आपदा प्रबंधन तथा बैंकिंग/वित्तीय संस्थानों से संबंधित विभाग शामिल हैं।
मौके पर समस्याओं के समाधान और योजनाओं का लाभ देने के निर्देश
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में ग्रामीणों की समस्याओं का यथासंभव मौके पर ही समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही पात्र लाभार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से मौके पर ही लाभान्वित किया जाए।
उन्होंने शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक ग्रामीणों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए, ताकि पात्र लोग शिविरों में पहुंचकर योजनाओं का लाभ ले सकें।
शिविर से तीन दिन पहले गांवों में होगा प्रचार
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को शिविरों के बैनर डिजाइन उपलब्ध कराने तथा व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
सभी उपजिलाधिकारियों, तहसीलदारों एवं खंड विकास अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि शिविर आयोजन से तीन दिन पूर्व प्रत्येक संबंधित ग्राम पंचायत में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कराया जाए।
बीडीओ होंगे नोडल अधिकारी
शिविरों की समस्त व्यवस्थाओं के लिए संबंधित खंड विकास अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। नोडल अधिकारियों को प्रत्येक शिविर की प्रगति से संबंधित सूचनाओं का निर्धारित प्रारूप में संकलन करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में जनप्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित करते हुए आमजन को केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाए और पात्र लाभार्थियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
