टिहरी के ज्वलंत मुद्दों पर मुख्यमंत्री की चुप्पी निराशाजनक : राकेश राणा
टिहरी के ज्वलंत मुद्दों पर मुख्यमंत्री की चुप्पी निराशाजनक : राकेश राणा
नई टिहरी। जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के पूर्व अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि जनपद के ज्वलंत मुद्दों पर प्रदेश के मुख्यमंत्री की चुप्पी निराशाजनक है। उनका कहना है कि टिहरी जैसे महत्वपूर्ण जनपद की गंभीर समस्याओं पर स्पष्ट चर्चा और ठोस आश्वासन का अभाव स्थानीय जनता के लिए चिंता का विषय बन गया है।
राकेश राणा ने कहा कि आज प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कोटी कॉलोनी में आयोजित टिहरी लेक फेस्टिवल में भाग लेने पहुँचे। टिहरी की जनता ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया, लेकिन उनके संबोधन में जनपद की प्रमुख समस्याओं पर कोई स्पष्ट घोषणा या ठोस पहल सामने नहीं आई, जिससे क्षेत्र में निराशा का माहौल देखा गया।
उन्होंने कहा कि टिहरी जनपद आज कई गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है। टिहरी मेडिकल कॉलेज की स्थापना का मुद्दा लंबे समय से लंबित है। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से लोगों का जीवन असुरक्षित होता जा रहा है। शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है। कई बार ऐसी दुखद घटनाएँ सामने आती हैं, जब गर्भवती महिलाओं को समय पर चिकित्सा सुविधा न मिलने के कारण अस्पताल पहुँचने से पहले ही दम तोड़ना पड़ता है।
राणा ने कहा कि जनपद के युवाओं के सामने रोजगार के अवसरों की भारी कमी है, जिसके चलते लगातार पलायन बढ़ रहा है। यह स्थिति टिहरी के सामाजिक और आर्थिक भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनती जा रही है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि टिहरी बांध से प्रभावित और विस्थापित हजारों परिवार आज भी अपने अधिकारों और मूलभूत सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहे हैं। हनुमंता राव समिति की सिफारिशों के अनुसार प्रभावितों और विस्थापितों को बिजली और पानी रियायती दरों पर उपलब्ध कराने का मुद्दा भी वर्षों से लंबित है। इस महत्वपूर्ण विषय पर भी मुख्यमंत्री के संबोधन में कोई स्पष्टता देखने को नहीं मिली। जबकि पूर्व में तत्कालीन वित्त मंत्री प्रकाश पंत द्वारा इस संबंध में घोषणा की गई थी।
पूर्व जिला अध्यक्ष राकेश राणा ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए केवल उत्सव और मंचीय भाषण पर्याप्त नहीं हैं। सरकार को इन ज्वलंत मुद्दों पर गंभीरता से विचार करते हुए ठोस, समयबद्ध और प्रभावी कार्ययोजना सामने लानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि टिहरी की जनता ने वर्तमान सरकार को एकतरफा बहुमत दिया है। अब जनता केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जमीनी स्तर पर ठोस विकास और न्याय की अपेक्षा कर रही है।

