नई टिहरी में गूंजी देशभक्ति की गूंज, निकली भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली
‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत डाइजर से बौराड़ी तक निकली रैली, छात्र-छात्राओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर किया प्रतिभाग
नई टिहरी, 13 अगस्त 2026। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में संचालित ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत गुरुवार को नई टिहरी में भव्य तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, युवाओं एवं स्थानीय नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
तिरंगा रैली डाइजर से शुरू होकर हनुमान चौक, साईं चौक होते हुए बौराड़ी तक निकाली गई। इस दौरान पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। प्रतिभागियों ने देशभक्ति के नारों के साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया।
नगर पालिका अध्यक्ष सहित जनप्रतिनिधियों ने दिखाई हरी झंडी
तिरंगा बाइक एवं साइकिल रैली को डाइजर से नगर पालिका अध्यक्ष टिहरी मोहन सिंह रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत एवं उपजिलाधिकारी टिहरी कमलेश मेहता ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि देश की आन, बान और शान के साथ-साथ राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं गौरव का प्रतीक है। उन्होंने प्रदेशवासियों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराने और राष्ट्र के इस गौरवपूर्ण पर्व में सहभागी बनने का आह्वान किया।
युवाओं और विद्यार्थियों में दिखा खासा उत्साह
रैली में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के साथ बड़ी संख्या में युवा एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए। हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह के साथ रैली में सहभागिता की। रैली का उद्देश्य लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जोड़ना तथा स्वतंत्रता दिवस के प्रति जनभागीदारी बढ़ाना रहा। रैली के दौरान देशभक्ति के नारों से नई टिहरी का वातावरण गुंजायमान रहा। प्रतिभागियों ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता-अखंडता को मजबूत करने का संदेश दिया।
अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं नागरिक रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला युवा कल्याण अधिकारी रविंद्र सिंह फोनिया, तहसीलदार धीरज राणा, व्यायाम प्रशिक्षक ममता भट्ट, भाजपा नेता जयेन्द्र पंवार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। तिरंगा यात्रा ने नई टिहरी में स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और तिरंगे के सम्मान का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।
