बौराड़ी स्टेडियम, नई टिहरी में आयोजित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में सामूहिक योगाभ्यास करते जनप्रतिनिधि, अधिकारी, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक।
विधायक किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में आयोजित योग शिविर में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों और नागरिकों ने लिया भाग
नई टिहरी, 21 जून 2026, SKS News।
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद टिहरी गढ़वाल के बौराड़ी स्टेडियम में भव्य योग शिविर एवं सामूहिक योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय एवं जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, विद्यार्थियों तथा स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता कर योग के माध्यम से स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। पूरे स्टेडियम में योग के प्रति उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर विधायक किशोर उपाध्याय ने कहा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विश्व स्तर पर योग को अपनाने की जो अपील की गई थी, उसका सकारात्मक परिणाम आज पूरी दुनिया में देखने को मिल रहा है। उन्होंने कहा कि योग भारतीय संस्कृति और जीवन दर्शन की अमूल्य धरोहर है तथा आज विश्व के अधिकांश देशों में योग को स्वास्थ्य और जीवनशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जा रहा है।
उन्होंने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि मानवता को स्वस्थ, निरोग और तनावमुक्त जीवन की दिशा में प्रेरित करने वाला वैश्विक अभियान बन चुका है। योग के माध्यम से व्यक्ति शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक संतुलन प्राप्त कर सकता है।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि योग को केवल एक दिवस तक सीमित न रखें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। उन्होंने कहा कि यदि हम वर्ष में केवल एक दिन योग करने के बजाय 365 दिन नियमित योगाभ्यास करें तो अनेक बीमारियों से बच सकते हैं और स्वस्थ जीवन जी सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासनों का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जागरूकता का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों ने योग के शारीरिक एवं मानसिक लाभों की जानकारी देते हुए नियमित अभ्यास के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण समाज कल्याण विभाग द्वारा स्थापित “नशा मुक्ति सेल्फी पॉइंट” रहा, जहां विधायक, जिलाधिकारी एवं अन्य अतिथियों ने सेल्फी लेकर नशा मुक्त समाज के निर्माण का संदेश दिया। उपस्थित लोगों ने भी नशे से दूर रहने एवं समाज में जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर दिए गए संदेश एवं संबोधन का लाइव प्रसारण भी किया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने बड़े उत्साह के साथ देखा और सुना।
कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद नई टिहरी के अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) पुनीत तोमर, डॉ. सत्यवीर सिंह रावत, डॉ. सिद्धि मिश्रा, डॉ. हरीश भट्ट, डॉ. कर्णपाल, डॉ. विनोद रावत, डॉ. तुषिता, भुबनेश्वर बड़ोनी, मनोज धीरवान, योग अनुदेशक वैशाली जुयाल, सुरजीत चौहान, आशुतोष डबराल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ, स्वच्छ और नशा मुक्त समाज के निर्माण के संकल्प के साथ किया गया।

