एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत जनपद के 423 स्थलों पर रोपे गए विविध प्रजातियों के पौधे, जिलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने किया सहभाग
टिहरी, 16 जुलाई 2025।
जनपद टिहरी गढ़वाल में “हरेला पर्व” के शुभ अवसर पर प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल की गई। बुधवार, 16 जुलाई 2025 को जनपद में कुल 423 स्थलों पर वन विभाग, उद्यान, ग्राम्य विकास, नगर निकाय, शिक्षा, लघु सिंचाई, राजस्व, और अन्य विभागों के सहयोग से 70206 पौधों का वृक्षारोपण किया गया। यह लक्ष्य पूर्व निर्धारित 55,000 पौधों से कहीं अधिक है।
यह वृक्षारोपण “हरेला का त्योहार मनाओ, धरती मां का ऋण चुकाओ, एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत किया गया, जिसका उद्देश्य प्राकृतिक सौंदर्य से युक्त पर्यटन स्थलों का संवर्धन और पर्यावरण संतुलन बनाए रखना है। पौधारोपण स्थलों में प्रमुख धार्मिक व पर्यटक क्षेत्र जैसे चंद्रबदनी, सुरकंडा देवी, कुंजापुरी और देवलसारी सम्मिलित रहे।
कार्यक्रमों में जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खंडेलवाल ने शिवपुरी में पौधारोपण में भाग लिया। उनके साथ प्रभागीय वनाधिकारी नरेंद्रनगर एवं उपजिलाधिकारी नरेंद्रनगर भी उपस्थित रहे। मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, विधायक किशोर उपाध्याय, वनाधिकारी पुनीत तोमर, टिहरी डैम प्रतिनिधि संदीपा शर्मा और जिला विकास अधिकारी मो. असलम ने भी बॉटनिकल गार्डन कोटि और नगर पालिका चंबा में वृक्षारोपण किया।
इसके अतिरिक्त अपर जिलाधिकारी अवधेश कुमार ने चंद्रबदनी, परियोजना निदेशक पुष्पेन्द्र चौहान ने कुंजापुरी, उपजिलाधिकारी धनोल्टी मंजू राजपूत ने सुरकंडा मंदिर, और उपजिलाधिकारी टिहरी संदीप कुमार ने देवलसारी में वृक्षारोपण कार्यक्रमों में भाग लेकर जनता को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया।
इस अवसर पर सभी खण्ड विकास अधिकारी, नगर पालिका/पंचायत अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी एवं अन्य विभागों के प्रतिनिधियों ने व्यापक स्तर पर सहभागिता कर जनपद को हरियाली की ओर अग्रसर करने का संकल्प दोहराया। सभी रोपित पौधों के जियो टैग फोटोग्राफ्स एकत्र किए गए हैं ताकि उनकी निरंतर निगरानी एवं संरक्षण सुनिश्चित किया जा सके।
