पर्यटक स्थल धनोल्टी में अवैध खनन, पातन व भूमि कब्जाने के मामले ने पकड़ा तूल
Tehri News: पर्यटक स्थल धनोल्टी में घने देवदार के जंगलों के बीच भूमि कब्जाने समेत सड़क निर्माण, वृक्षों के अवैध पातन एवं अवैध खनन का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। बताया जा रहा है कि सड़क निर्माण को लेकर घने देवदार के जंगलों के मध्य देवदार के वृक्षों को नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
एक ओर जहां प्रशासन द्वारा हजारों वृक्षों को रोपित किए जाने का लक्ष्य निर्धारित किया जा रहा है, वहीं दूसरी ओर घने देवदार के जंगलों को भू-माफियों द्वारा अपनी स्वेच्छाचारिता के चलते नुकसान पहुंचाया जा रहा है।
घने देवदार के जंगलों के बीच सड़क निर्माण व अवैध खनन की बात कोई नयी नहीं है, यह मामता गत एक वर्ष से चला आ रहा है। यह मामला गत दिवस जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित के जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान तब हाईलाईट हुआ, जब भूस्वामी संजय अधिकारी और अभिषेक कठैत ने इसकी शिकायत पुनः जनता मिलन कार्यक्रम के दौरान रखी।
टिहरी जिले के धनोल्टी स्थित ग्राम बिडकोट में संजय अधिकारी की भूमि पर यशपाल बिष्ट द्वारा कब्जा किये जाने को लेकर संजय अधिकारी ने जिलाधिकारी से शिकायत की है। संजय अधिकारी ने बताया कि यशपाल द्वारा सड़क निर्माण को लेकर उनकी भूमि को खुर्द-बुर्द किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कुल 1.095 है. भूमि दर्ज अभिलेख उनके नाम है और उक्त व्यक्ति बिना सीमांकन किये हुए ही उनकी उक्त भूमि पर यशपाल सिंह बिष्ट पुत्र स्व. श्री विजयपाल सिंह विष्ट द्वारा जबरन कब्जा किया जा रहा है और भूमि पर अवस्थित वर्षों पुराने पेड़ों को सड़क निर्माण हेतु नुकसान पहुंचाया गया है।
संजय अधिकारी ने बताया कि मैं विगत एक साल से उपजिलाधिकारी धनोल्टी के यहाँ अपनी जमीन के सीमांकन करने व अवैध रूप से सड़क काटे जाने के बावत रोकने का लिखित आग्रह करता आ रहा है, लेकिन आज तक कोई कार्यवाही इस मामले में अमल में नहीं लाई गई है।
संजय ने जिलाधिकारी से उक्त जमीन पर हो रहे अवैध कटान को रोकने व उनकी जमीन का सीमांकन करने के लिए गुहार लगाई है। भूस्वामी संजय अधिकारी द्वारा गत एक वर्ष की अवधि में प्रभागीय वनाधिकारी मसूरी, उप जिलाधिकारी धनोल्टी, जिलाधिकारी टिहरी, खनन अधिकारी समेत सीएम शिकायत पोर्टल पर भी इस बात की शिकायत की गई है।
इस बीच इस स्थान पर देवदार के जंगलों के बीच पौने दो कि.मी. मोटर मार्ग भी कटकर तैयार हो चुका है। विस्तृत विवरण संजय अधिकारी द्वारा संलग्न पीडीएफ फाईल में वर्णित है।
यहाँ देखें विडियो:
