स्नातक और स्नातकोत्तर के विभिन्न पाठ्यक्रमों में मेरिट के आधार पर मिलेगा प्रवेश, 25 सितंबर सुबह 10 बजे तक पंजीकरण का मौका
श्रीनगर गढ़वाल, 24 सितंबर 2026। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 में रिक्त सीटों पर मेरिट के आधार पर प्रवेश के लिए पंजीकरण पोर्टल एक बार फिर खोल दिया है। विश्वविद्यालय की ओर से 23 सितंबर 2026 को जारी परिपत्र के अनुसार प्रवेश के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए समर्थ प्रवेश पोर्टल पर पंजीकरण अनिवार्य किया गया है।
विश्वविद्यालय के परिसरों के साथ ही संबद्ध संस्थानों एवं महाविद्यालयों में विभिन्न पाठ्यक्रमों की रिक्त सीटों पर मेरिट के आधार पर प्रवेश दिया जाएगा।
इन पाठ्यक्रमों में नहीं होगा प्रवेश
स्नातक स्तर पर बीपीएड, बीएड, एलएलबी और बीए-एलएलबी को इस प्रवेश प्रक्रिया से बाहर रखा गया है।
वहीं, स्नातकोत्तर स्तर पर एमपीएड, एमएड और एलएलएम को छोड़कर अन्य कार्यक्रमों में रिक्त सीटों के लिए अभ्यर्थी पंजीकरण कर सकते हैं।
25 सितंबर सुबह 10 बजे तक पंजीकरण
विश्वविद्यालय के अनुसार पंजीकरण पोर्टल 23 सितंबर 2026 शाम 6 बजे से 25 सितंबर 2026 सुबह 10 बजे तक खुला रहेगा।
स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रमों के लिए अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। जबकि बीटेक कार्यक्रमों के लिए सीयूईटी-यूजी 2026 में भौतिकी, रसायन विज्ञान एवं गणित (PCM) विषयों में प्राप्त अंकों के आधार पर अलग समर्थ पोर्टल से पंजीकरण की व्यवस्था की गई है।
28 सितंबर होगी प्रवेश की अंतिम तिथि
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि 28 सितंबर 2026 प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। अभ्यर्थियों को निर्धारित शुल्क जमा करने सहित प्रवेश से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रिया इसी तिथि तक पूरी करनी होगी।
विश्वविद्यालय ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि पंजीकरण शुल्क जमा करने से पहले संबंधित पाठ्यक्रम और अपनी श्रेणी में सीटों की उपलब्धता की जानकारी संबंधित परिसर निदेशक, स्कूल के डीन, विभागाध्यक्ष अथवा संबद्ध महाविद्यालय के प्राचार्य से अवश्य प्राप्त कर लें।
प्रवेश संबंधित कार्यक्रम एवं श्रेणी में उपलब्ध सीटों के आधार पर ही दिया जाएगा।
ये हैं पंजीकरण पोर्टल
स्नातक एवं स्नातकोत्तर कार्यक्रम:
HNBGU समर्थ प्रवेश पोर्टल
बीटेक कार्यक्रम:
HNBGU CUET समर्थ पोर्टल
विद्यार्थियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क
विश्वविद्यालय ने प्रवेश प्रक्रिया में विद्यार्थियों की सहायता के लिए विभिन्न परिसरों में कार्यक्रमवार हेल्प डेस्क भी गठित किए हैं। अभ्यर्थी प्रवेश, काउंसलिंग, दस्तावेज सत्यापन, पात्रता, शुल्क भुगतान सहित अन्य प्रवेश संबंधी जानकारी के लिए संबंधित कार्यक्रम के हेल्प डेस्क से संपर्क कर सकते हैं।
