बाल सखा कार्यक्रम के अंतर्गत रा.इ.का. नकोट में आयोजित की गई कार्यशाला
नकोट, टि.ग. (सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’) बाल सखा कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय इण्टर कालेज नकोट में कैरियर मार्ग दर्शन एवं परामर्श कार्यशाला का आयोजन विद्यालय परिवार द्वारा आयोजित किया गया।
आराधना धूपबत्ती उद्योग रानीचौरी के सुषमा बहुगुणा एवं संजय बहुगुणा ने कार्यशाला में कैरियर संबंधी टिप्स देकर छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। उन्होंने स्थानीय उत्पादों से निर्मित धूपबत्ती निर्माण तथा स्थानीय वनस्पतियों एवं वेस्ट सामग्री से टोकरी निर्माण, शॉपिंग बैग आदि का निर्माण करवाना सिखाया।
विद्यालय प्रधानाचार्य आशय कुमार ने मार्गदर्शकों का आभार प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों के द्वारा छात्रों में कौशल एवं प्रतिभा विकास होता है। उद्यमी सुषमा बहुगुणा ने बताया कि इस समय दर्जनों महिलाओं को वे अपनी संस्था के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ चुकी हैं। जिससे उनकी 5 से 15 हजार रुपए तक प्रतिमाह आय प्राप्त हो रही है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम टिहरी जेल के कैदियों को भी सिखाया जाता है, ताकि रिलीज होने पर वे स्वरोजगार अपना सकें।
आपको बताते चलें कि श्रीमती सुषमा बहुगुणा के मार्गदर्शन में निर्मित स्थानीय उत्पाद अनकों हॉट, मेले आदि में स्टॉल लगाकर लोगों को जागरूक करते हुए विक्रय किए जाते हैं।
विद्यालय के पीटीए अध्यक्ष पुरुषोत्तम उनियाल ने उद्यमियों से अनुरोध किया कि वे विद्यालय के विभिन्न कार्यक्रमों में इस प्रकार का अपेक्षित मार्ग दर्शन निरन्तर करते रहेंगे, ताकि छात्र-छात्राओं के अन्दर कौशल विकास की जिज्ञासा उत्पन्न हो सके।
इस मौके पर पूर्व पीटीए अध्यक्ष मोर सिंह धनोला, कौशलम कार्यक्रम प्रभारी संदीप भट्ट, प्रमोद डोभाल, सुरेन्द्र शाह, उत्तम सिंह नेगी, सुशील चौहान, विरल प्रताप सिंह चौहान, आनन्द सिंह तोपवाल, हर्षपति आर्य, चिति बहुगुणा, रीना आर्य, ललित मोहन थपलियाल, नवनीत रावत, विद्यालय परिवार समेत अनेक जन-प्रतिनिधि एवं अभिभावकगण उपस्थित थे।
