भिलंगना स्वास्थ्य टीम ने 100 से अधिक ग्रामीणों की जांच कर दवाइयाँ वितरित कीं, नवजात शिशुओं का टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच सम्पन्न
टिहरी गढ़वाल, 01 सितंबर 2025।
विकासखंड भिलंगना के दूरस्थ ग्राम गेंवाली में पिछले सप्ताह अति-वृष्टि से आई आपदा के बाद स्वास्थ्य सेवाएँ सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रभावित क्षेत्र में पहुंची।
मुख्य चिकित्साधिकारी टिहरी गढ़वाल डॉ. श्याम विजय ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र पिलखी से शनिवार को चिकित्सीय दल रवाना हुआ था, लेकिन मार्ग अवरुद्ध होने के कारण टीम उसी दिन प्रभावित गांव तक नहीं पहुँच सकी। मार्ग खुलने के बाद रविवार को टीम गेंवाली पहुँची और प्रभावित ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।
इस दौरान 100 से अधिक ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा आवश्यक दवाइयाँ निशुल्क वितरित की गईं। नवजात शिशुओं का टीकाकरण एवं गर्भवती महिलाओं की जाँच भी की गई। ग्रामीणों ने समय पर स्वास्थ्य सुविधा मिलने पर जिलाधिकारी और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार जताया।
साथ ही, ग्रामीणों को स्वच्छता, स्वच्छ पेयजल एवं मौसमी बीमारियों से बचाव संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
स्वास्थ्य टीम में शामिल रहे:
- डॉ. श्रीयांस पैनुली
- डॉ. अनुभव कुड़ियाल
- अनिल (फार्मेसी अधिकारी)
- अर्जुन बिष्ट (सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी)
- अर्जुन पंवार (नर्सिंग अधिकारी)
- मिनाक्षी जाखेड़ी (स्वास्थ्य कार्यकर्ती)
- राम लाल (वार्ड बॉय)
- विनोद महर
टीम ने गाँव के सभी प्रभावित ग्रामीणों को आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएँ एवं परामर्श उपलब्ध कराया।

