चंबा में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन, विधायक किशोर उपाध्याय ने किया शुभारंभ
जनपद में “विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास, हर घर कल्याण” थीम पर प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन
चंबा, टिहरी गढ़वाल | SKS News
रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
केंद्र सरकार के “सेवा, सुशासन और विकास” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकासखंड चंबा के ब्लॉक सभागार में जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रदर्शनी एवं बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि धनोल्टी विधायक किशोर उपाध्याय ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सुमन सज्वाण विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं।
शिविर में 17 विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाई गई। बड़ी संख्या में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने शिविर में प्रतिभाग कर विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्राप्त की और लाभ भी उठाया।
उद्यमियों को मिले तीन-तीन लाख रुपये के चेक
ग्रामीण विकास विभाग, विकासखंड चंबा के अंतर्गत राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) एवं रीप परियोजना के माध्यम से चयनित उद्यमी लाभार्थियों को तीन-तीन लाख रुपये के चेक वितरित किए गए।
भैंस पालन उद्यम के लिए आरती नेगी, रीना नेगी एवं नीलम सज्वाण को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। अधिकारियों ने बताया कि इस योजना में लाभार्थियों को 75 प्रतिशत तक सब्सिडी का लाभ दिया जा रहा है।
कृषि एवं समाज कल्याण विभाग ने वितरित किए लाभ
कृषि एवं बीज विभाग द्वारा लक्ष्मी देवी, सीता, संगीता पुंडीर एवं कविता को निशुल्क उड़द बीज किट प्रदान किए गए, जबकि विमला देवी एवं सुमनी देवी को निशुल्क अरहर बीज किट वितरित किए गए।
समाज कल्याण विभाग की ओर से मोहन सिंह पुत्र भगत सिंह, आराकोट को श्रवण सहायता उपकरण (कान की मशीन) प्रदान की गई।
वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग द्वारा स्वाति, आंचल, प्रीति, काजल एवं अनीता को महालक्ष्मी किट वितरित की गई।
योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका : किशोर उपाध्याय
मुख्य अतिथि विधायक किशोर उपाध्याय ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि सरकार की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महिलाओं एवं स्वयं सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा स्वरोजगार, महिला सशक्तिकरण और आजीविका संवर्धन के लिए अनेक लाभकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। ऐसे बहुउद्देशीय शिविर लोगों को तकनीकी एवं व्यवहारिक जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
महिला समूह योजनाओं का बेहतर लाभ उठा रहे हैं : सुमन सज्वाण
ब्लॉक प्रमुख सुमन सज्वाण ने कहा कि विकासखंड स्तर पर समय-समय पर इस प्रकार के शिविर आयोजित किए जाते हैं, ताकि आमजन तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंच सके।
उन्होंने कहा कि आज महिला स्वयं सहायता समूह बढ़-चढ़कर सरकारी योजनाओं का लाभ ले रहे हैं और स्वरोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बन रहे हैं।
कविताओं के माध्यम से दी योजनाओं की जानकारी
प्रख्यात कवि एवं सामाजिक कार्यकर्ता सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ ने अपनी कविताओं के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला तथा उपस्थित लोगों से आगामी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील की।
शिविर में प्रोजेक्टर के माध्यम से भी केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी गई।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी शाकिर हुसैन, खंड शिक्षा अधिकारी तस्लीम कुरैशी, भगवान सिंह राणा, सी.एम. उनियाल, जिला पंचायत सदस्य दर्शनीय रावत, विनोद सुयाल, हंसराम सुयाल, कृष्णा रौतेला, अजय नेगी, विभिन्न ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
दूसरी तरफ
जनपद में “विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास, हर घर कल्याण” थीम पर प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन
उत्तराखण्ड शासन द्वारा प्राप्त निर्देशों के क्रम में केन्द्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी एवं विकासपरक योजनाओं की उपलब्धियों के व्यापक प्रचार-प्रसार हेतु जनपद टिहरी गढ़वाल में दिनांक 18 जून से 20 जून, 2026 तक प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम “सेवा, सुशासन और विकास” के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में “विकसित भारत की ओर : जन-जन तक विकास, हर घर कल्याण” थीम के अंतर्गत जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित किया जा रहा है।
जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल के निर्देशानुसार जनपद के विभिन्न विकासखंडों एवं नगर क्षेत्रों में जनकल्याणकारी शिविर आयोजित किए गए, जिनमें विभिन्न विभागों द्वारा केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया गया।
विकासखंड थौलधार में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर का शुभारंभ विधायक धनौल्टी प्रीतम सिंह पंवार की अध्यक्षता में हुआ। वहीं विकासखंड भिलंगना में आयोजित जनकल्याणकारी शिविर विधायक शक्ति लाल शाह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। चंबा में विधायक किशोर उपाध्याय की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
इसके अतिरिक्त नरेन्द्रनगर, मुनि की रेती एवं तपोवन में भी प्रदर्शनी एवं जनकल्याणकारी शिविरों का आयोजन किया गया, जहां विभिन्न विभागों द्वारा अपने स्टॉल लगाकर जनहितकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आमजन की समस्याओं का समाधान एवं पात्र लाभार्थियों को विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचे तथा शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को योजनाओं से लाभान्वित किया जाए।
