लेफ्टिनेंट महावीर भंडारी के गांव पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत
सेवानिवृत्ति के बाद सुनारकोट पहुंचे पूर्व सैन्य अधिकारी, पूर्व सैनिकों ने किया सम्मान; एक ही माता-पिता के दो पुत्रों के सेना में अधिकारी बनने पर जताया गौरव
सुनारकोट/खाड़ी। सेना से सेवानिवृत्ति के बाद गांव लौटे लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी का खाड़ी और उनके पैतृक गांव सुनारकोट पहुंचने पर पूर्व सैनिकों एवं ग्रामीणों ने भव्य स्वागत किया। इस अवसर पर पूर्व सैनिकों की ओर से आयोजित स्वागत समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और क्षेत्र के गणमान्य लोग शामिल हुए।
समारोह के मुख्य अतिथि शौर्य चक्र एवं वीर चक्र से सम्मानित कर्नल अजय कोठियाल रहे। उन्होंने लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी की सैन्य सेवाओं के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का क्षण है। उन्होंने कहा कि कुजणी क्षेत्र राजशाही के समय से ही शौर्य और पराक्रम की परंपरा के लिए जाना जाता रहा है।

सैन्य परंपरा और वीरता के प्रसंग किए साझा
कर्नल अजय कोठियाल ने अपने संबोधन में सेना से जुड़े अनेक अनुभव और उदाहरण पूर्व सैनिकों एवं ग्रामीणों के साथ साझा किए। उन्होंने एवरेस्ट अभियान, नेहरू पर्वतारोहण संस्थान (NIM) में कार्य तथा केदारनाथ आपदा के दौरान किए गए राहत एवं बचाव कार्यों सहित विभिन्न साहसिक अभियानों का उल्लेख करते हुए क्षेत्र की सैन्य परंपरा और वीरता को याद किया।
उन्होंने लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इससे बड़ा गौरव क्या हो सकता है कि एक ही माता-पिता के दो पुत्र सेना में सब-लेफ्टिनेंट बने और लगभग एक ही समय में सेवानिवृत्त हो रहे हैं।

लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी के छोटे भाई कुलबीर सिंह भंडारी भी सेना में सब-लेफ्टिनेंट हैं और अगले माह सेवानिवृत्त होने वाले हैं। उनके पिता सत्ये सिंह भंडारी भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। इस पारिवारिक सैन्य परंपरा को समारोह में विशेष रूप से रेखांकित किया गया।
सेना के बैंड के साथ खाड़ी में स्वागत
लेफ्टिनेंट महावीर सिंह भंडारी के खाड़ी पहुंचने पर सेना के बैंड के साथ उनका स्वागत किया गया। इसके बाद ढोल-दमाऊं के साथ उन्हें उनके पैतृक गांव सुनारकोट ले जाया गया, जहां ग्रामवासियों ने उनका पारंपरिक एवं भव्य स्वागत किया।
गांव में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर शुभकामनाएं दीं। ग्रामीणों ने कहा कि महावीर सिंह भंडारी की सैन्य सेवा क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का विषय है।
पूर्व सैनिकों और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
स्वागत समारोह को यादगार बनाने में समारोह संयोजक हवलदार विक्रम सिंह भंडारी, बचन सिंह भंडारी, अतर सिंह सजवाण, मेहर सिंह सजवाण और युद्धवीर सिंह भंडारी सहित अन्य पूर्व सैनिकों एवं ग्रामवासियों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानगण, संजय रावत, देव सिंह पुंडीर, इंद्र सिंह नेगी, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’, सोबन सिंह भंडारी, सतवीर सजवाण, विनोद राणावत, कैप्टन धर्मेंद्र चौहान, बेताल सिंह, मदन सिंह, नरेंद्र रमोला और राजवीर सिंह भंडारी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए पूर्व सैनिक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक सरोकारों से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
आयोजकों की ओर से समारोह के बाद भव्य भोज का आयोजन भी किया गया। पूरे कार्यक्रम के दौरान सैन्य सेवा से जुड़े गौरव, पारंपरिक स्वागत और ग्रामीणों के उत्साह का माहौल बना रहा।
