उत्तराखंड डाक परिमंडल की अनूठी पहल: बहनों के लिए आया ‘राखी बॉक्स’
राखी, रोली-चावल, की-चैन और शुभकामना संदेश अब एक ही पैकेट में; ₹500 में देश-विदेश तक सुरक्षित और ट्रैकिंग सुविधा के साथ पहुंचेगा राखी बॉक्स
देहरादून। रक्षाबंधन के पावन पर्व को देखते हुए उत्तराखंड डाक परिमंडल ने बहनों की सुविधा के लिए एक विशेष पहल शुरू की है। डाक विभाग पहली बार ‘राखी बॉक्स’ लेकर आया है, जिसमें राखी के साथ रोली-चावल और शुभकामना संदेश सहित अन्य सामग्री एक ही पैकेट में उपलब्ध होगी। इससे बहनों को रक्षाबंधन का सामान अलग-अलग भेजने की आवश्यकता नहीं होगी।
इस विशेष सुविधा का शुभारंभ देहरादून जीपीओ में मुख्य पोस्टमास्टर जनरल एम.यू. अब्दाली एवं निदेशक डाक सेवाएं डी.के. मिस्त्री ने ‘राखी बॉक्स’ का अनावरण कर किया।
एक बॉक्स में राखी से लेकर शुभकामना संदेश तक
इस अवसर पर मुख्य पोस्टमास्टर जनरल ने कहा कि डाक विभाग हमेशा आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए नई योजनाएं और सेवाएं शुरू करता रहा है। ‘राखी बॉक्स’ भी इसी दिशा में एक उपयोगी पहल है, जो बहनों के लिए राखी भेजने की प्रक्रिया को आसान बनाने के साथ समय और धन की बचत करेगी।
‘राखी बॉक्स’ में राखी, रोली-चावल, की-चैन, फ्रिज मैग्नेट और शुभकामना संदेश के लिए पोस्टकार्ड शामिल किया गया है। इस पैकेज के माध्यम से बहनें अपने भाइयों तक रक्षाबंधन की भावनाओं और शुभकामनाओं को एक साथ भेज सकेंगी।
सुरक्षित डिलीवरी के साथ ट्रैकिंग की सुविधा
‘राखी बॉक्स’ की एक महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि इसे डाक विभाग द्वारा सुरक्षित तरीके से देश-विदेश तक पहुंचाया जाएगा। इसके साथ ट्रैकिंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे प्रेषक अपने राखी बॉक्स की डिलीवरी की स्थिति की जानकारी प्राप्त कर सकेगा।
₹500 में उपलब्ध होगा विशेष राखी बॉक्स
डाक विभाग के अनुसार यह विशेष ‘राखी बॉक्स’ मात्र ₹500 की कीमत में उपलब्ध है। इसे देहरादून जीपीओ सहित उत्तराखंड के अन्य जिलों के मुख्य डाकघरों से प्राप्त किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त इसकी बुकिंग स्पीड पोस्ट काउंटर के माध्यम से भी की जा सकती है।
डाक विभाग की इस पहल से दूर-दराज रहने वाले भाई-बहनों के बीच रक्षाबंधन के पावन पर्व पर प्रेम, स्नेह और अपनत्व का संदेश और अधिक सहजता से पहुंचने की उम्मीद है।
