एडीएम टिहरी ने वसूली पत्र ऑनलाइन प्रस्तुत करने के दिए निर्देश
ऑफलाइन वसूली पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे
टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। अपर जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल शैलेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में आरसीसी/वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल (ercs.uk.gov.in) पर ऑनलाइन प्रस्तुत किए जाने के संबंध में वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों को वसूली प्रकरणों की ऑनलाइन प्रस्तुति को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि विभिन्न विभागों द्वारा निर्गत किए गए सभी वसूली पत्रों को आरसीएस पोर्टल पर अनिवार्य रूप से ऑनलाइन प्रस्तुत किया जाए। उन्होंने कहा कि वसूली संबंधी मामलों में ऑफलाइन प्रक्रिया को स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ऑफलाइन वसूली पत्र स्वीकार नहीं होंगे
एडीएम शैलेन्द्र सिंह नेगी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि भविष्य में यदि किसी विभाग द्वारा वसूली पत्र ऑफलाइन माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है, तो ऐसे पत्र स्वीकार नहीं किए जाएंगे। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देशों का गंभीरता से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने कहा कि वसूली से संबंधित सभी प्रकरणों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार पोर्टल पर ऑनलाइन प्रस्तुत करने की कार्रवाई समयबद्ध रूप से पूरी की जाए, ताकि मामलों के निस्तारण में अनावश्यक विलंब न हो।
संबंधित विभागों को प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश
बैठक में अधिकारियों को आरसीएस पोर्टल पर वसूली पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई तथा अपने-अपने विभागों से संबंधित प्रकरणों को समय पर ऑनलाइन दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
वर्चुअल बैठक में जिला लेखा अधिकारी, टिहरी गढ़वाल, सहायक आयुक्त राजकर विभाग खंड-2 ऋषिकेश, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी ऋषिकेश, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नई टिहरी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड नई टिहरी, अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड श्रीनगर-कीर्तिनगर, जनपद के समस्त तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार तथा प्रबंधक उत्तराखंड बहुउद्देशीय वित्त विकास निगम, जिला परियोजना कार्यालय नई टिहरी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
