राजकीय महाविद्यालय खाड़ी में विश्व युवा दिवस पर राज्य स्तरीय कार्यशाला आयोजित
‘युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व’ विषय पर विशेषज्ञों ने रखे विचार; निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिता के विजेताओं को प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित
खाड़ी, टिहरी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। राजकीय महाविद्यालय खाड़ी, टिहरी गढ़वाल में रेड क्रॉस समिति एवं इतिहास विभाग के संयुक्त तत्वावधान में विश्व युवा दिवस के अवसर पर राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का हाइब्रिड मोड में आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय “युवा शक्ति, राष्ट्र निर्माण और सामाजिक उत्तरदायित्व” रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना एवं अतिथि परिचय के साथ हुआ। कार्यशाला में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञ वक्ताओं ने युवाओं की भूमिका, सामाजिक जिम्मेदारी, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत, मानव सेवा एवं राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार रखे।
राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विशेषज्ञों ने दिया जोर
वेबिनार के मुख्य वक्ता प्रो. योगाम्बर सिंह फर्सवाण, पर्यावरणीय पुरातत्व विशेषज्ञ, हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय, श्रीनगर गढ़वाल ने युवाओं की राष्ट्र निर्माण में भूमिका तथा सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के महत्व पर विस्तृत व्याख्यान दिया।
विशिष्ट वक्ता राहुल डबराल, राज्य निदेशक, मेरा भारत, उत्तराखंड ने युवाओं को सामाजिक जागरूकता, नेतृत्व क्षमता एवं राष्ट्र सेवा के प्रति प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को समाज एवं राष्ट्र की प्रगति के लिए महत्वपूर्ण बताया।
ओंकार बहुगुणा, अध्यक्ष, उत्तराखंड रेड क्रॉस सोसाइटी, देहरादून ने मानव सेवा, आपदा प्रबंधन तथा रेड क्रॉस की विभिन्न गतिविधियों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
वहीं प्रो. जानकी पंवार, सेवानिवृत्त प्राचार्य, डॉ. पीताम्बर दत्त बड़थ्वाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार ने नैतिक मूल्यों, शिक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए।
युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति : डॉ. ईरा सिंह
कार्यक्रम की संयोजक डॉ. ईरा सिंह, सहायक प्राध्यापक, इतिहास विभाग एवं संयोजक रेड क्रॉस समिति ने अतिथियों, प्रतिभागियों एवं छात्र-छात्राओं का स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने विद्यार्थियों से समाजोपयोगी गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने तथा अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा का उपयोग समाज और राष्ट्रहित में करने का आह्वान किया।
जागरूक और संवेदनशील युवा ही मजबूत राष्ट्र की नींव : प्राचार्य
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. अरुण कुमार सिंह ने की। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में युवा जागरूकता, सामाजिक संवेदनशीलता और राष्ट्रीय चरित्र निर्माण अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल रोजगार प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने की भावना विकसित करना भी है। युवाओं को सामाजिक सरोकारों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित की जानी चाहिए।
ऑनलाइन माध्यम से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने किया प्रतिभाग
कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण, शोधार्थी एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान निबंध एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अजीत सिंह, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान ने उपस्थित अतिथियों, प्राध्यापकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं का आभार व्यक्त किया। धन्यवाद ज्ञापन के साथ राज्य स्तरीय एक दिवसीय कार्यशाला का समापन हुआ।
