नशामुक्ति, पॉक्सो एक्ट और साइबर क्राइम पर नागनाथ पोखरी महाविद्यालय में कार्यशाला आयोजित
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने छात्र-छात्राओं को दी कानूनी अधिकारों की जानकारी, सड़क सुरक्षा को लेकर भी किया जागरूक
नागनाथ पोखरी, चमोली। हि.क.चं.ब. राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, चमोली के प्रांगण में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, महाविद्यालय कैरियर काउंसलिंग सेल एवं एंटी ड्रग्स सेल के संयुक्त तत्वावधान में नशामुक्ति, पॉक्सो एक्ट, साइबर क्राइम एवं सड़क सुरक्षा विषयों पर जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने की।
कार्यशाला का उद्देश्य छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों, बच्चों एवं महिलाओं की कानूनी सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करना रहा।
नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने का आह्वान
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्राचार्य डॉ. रीटा शर्मा ने कहा कि समाज में नशे जैसी कुरीतियां तेजी से गंभीर समस्या का रूप ले रही हैं। युवाओं को इससे बचाने के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराता है। विद्यार्थियों को अपने कानूनी अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता के बारे में जानकारी होनी चाहिए। उन्होंने विशेष रूप से छात्राओं से कानूनी प्रावधानों की जानकारी हासिल करने का आह्वान किया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रह सकें।
नशा समाज को गलत दिशा में ले जा रहा : डॉ. शिवचन्द सिंह रावत
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. शिवचन्द सिंह रावत ने कहा कि वर्तमान समय में नशे की प्रवृत्ति युवाओं को गलत दिशा में ले जा रही है, जिससे समाज पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का आह्वान किया।
पॉक्सो एक्ट और साइबर क्राइम पर दी विस्तृत जानकारी
कार्यशाला की मुख्य वक्ता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की पराविधिक स्वयंसेवी (PLV) किरण देवी ने छात्र-छात्राओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों एवं इसके अंतर्गत उपलब्ध कानूनी सहायता की जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी के प्रति सतर्कता तथा आवश्यक कानूनी सावधानियों के बारे में भी विस्तार से बताया। साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने और यातायात के दौरान जिम्मेदार नागरिक के रूप में व्यवहार करने के लिए प्रेरित किया।
कैरियर काउंसलिंग एवं एंटी ड्रग्स सेल ने किया मार्गदर्शन
कार्यक्रम के दौरान कैरियर काउंसलिंग संयोजक डॉ. रामानंद उनियाल एवं एंटी ड्रग्स सेल संयोजक डॉ. श्वेता ने भी छात्र-छात्राओं का मार्गदर्शन किया। वक्ताओं ने युवाओं से नशे से दूर रहकर शिक्षा, कौशल विकास और सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगाने की अपील की।
कार्यशाला में महाविद्यालय के प्राध्यापक एवं प्राध्यापिकाओं डॉ. रेखा चमोली, डॉ. राजेश भट्ट, डॉ. आयुष बर्वाल, डॉ. अनुपम रावत, श्री विक्रम सिंह कंडारी, श्रीमती ललिता सहित महाविद्यालय के समस्त छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
