एक्सपोजर विजिट: राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय पैठाणी के छात्र-छात्राओं ने सीखी उद्योग संचालन और स्वरोजगार की बारीकियां
देवभूमि उद्यमिता योजना के तहत पौड़ी की MSME इकाइयों का किया भ्रमण
पैठाणी, पौड़ी गढ़वाल, 12 अगस्त 2026। उच्च शिक्षा विभाग एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान (EDII), अहमदाबाद के सहयोग से संचालित देवभूमि उद्यमिता योजना के अंतर्गत सेंटर फॉर एक्सीलेंस के रूप में विकसित राजकीय व्यावसायिक महाविद्यालय बनास, पैठाणी के छात्र-छात्राओं के लिए एक दिवसीय एक्सपोजर विजिट का आयोजन किया गया। यह भ्रमण 12 अगस्त को प्राचार्य प्रो. (डॉ.) विजय कुमार अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं प्रभारी प्राचार्य डॉ. कुमार गौरव जैन की उपस्थिति में आयोजित हुआ।
एक्सपोजर विजिट का उद्देश्य विद्यार्थियों को उद्यमिता, स्वरोजगार एवं औद्योगिक गतिविधियों की वास्तविक कार्यप्रणाली से परिचित कराना तथा उन्हें भविष्य में स्वयं का उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित करना रहा।
20 विद्यार्थियों के दल ने किया MSME इकाइयों का भ्रमण
महाविद्यालय के बीसीए विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं देवभूमि उद्यमिता योजना के नोडल अधिकारी डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के तहत चयनित 20 छात्र-छात्राओं के दल को जिला मुख्यालय पौड़ी स्थित विभिन्न सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम (MSME) इकाइयों का भ्रमण कराया गया।
उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को उद्योगों की आंतरिक कार्यप्रणाली को करीब से समझने तथा उद्यमियों के अनुभवों से सीखने का अवसर मिला।
उत्पादन से लेकर मार्केटिंग तक की जानकारी हासिल की
महाविद्यालय के वनस्पति विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर एवं देवभूमि उद्यमिता योजना के फैकल्टी मेंटर डॉ. प्रकाश फोंदणी ने बताया कि एक्सपोजर विजिट के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली, उत्पादन प्रक्रिया, प्रबंधन, विपणन एवं उद्यम संचालन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं।
विद्यार्थियों ने उद्यमियों से संवाद कर स्वरोजगार के अवसरों, उद्योग स्थापित करने की प्रक्रिया तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं को भी समझा।
वास्तविक औद्योगिक वातावरण से परिचित कराना उद्देश्य
महाविद्यालय के मैनेजमेंट विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. दिनेश रावत ने कहा कि एक्सपोजर विजिट का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक वातावरण का अनुभव कराना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के व्यावहारिक कार्यक्रम विद्यार्थियों को पारंपरिक रोजगार की तलाश के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता के विकल्पों पर विचार करने के लिए प्रेरित करते हैं।
बेडु बायोप्रोस्पेक्टिंग से मशरूम यूनिट तक का किया भ्रमण
एक्सपोजर विजिट के दौरान गौरस उत्पादक संघ एफपीओ एवं हिम्मोथान संस्था के मैनेजर विजय बिष्ट ने विद्यार्थियों को विभिन्न उद्यम एवं उत्पादन इकाइयों का भ्रमण कराया।
विद्यार्थियों ने पारंपरिक पोषणयुक्त बेकरी उत्पाद, बेडु फल की बायोप्रोस्पेक्टिंग यूनिट, मशरूम यूनिट, मल्टीग्रेन यूनिट तथा दीदी कैफे सहित विभिन्न गतिविधियों को करीब से देखा और इनके संचालन की जानकारी प्राप्त की।
विद्यार्थियों ने उद्यमियों से बातचीत करते हुए स्थानीय संसाधनों पर आधारित व्यवसाय शुरू करने, उत्पाद तैयार करने, बाजार तक पहुंच बनाने और रोजगार सृजन से जुड़े विभिन्न पहलुओं को समझा।
उद्यमिता और नवाचार को मिलेगा बढ़ावा
विजय बिष्ट ने कहा कि इस प्रकार के एक्सपोजर कार्यक्रम विद्यार्थियों में उद्यमशीलता, नवाचार एवं रोजगार सृजन की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक बाजार की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित कर स्वरोजगार के अवसर तलाशने के लिए प्रेरित किया।
एक्सपोजर विजिट में शामिल छात्र-छात्राओं ने कार्यक्रम को ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए कहा कि औद्योगिक इकाइयों की कार्यप्रणाली को प्रत्यक्ष रूप से देखने से उन्हें उद्यमिता को व्यावहारिक रूप में समझने का अवसर मिला।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर डॉ. पुनीत चंद्र वर्मा ने संबंधित उद्यमियों, अधिकारियों, प्राध्यापकों एवं छात्र-छात्राओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
