हटवाल गांव के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में चला स्वच्छता अभियान
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालय परिसर और रास्तों से 20 किलो प्लास्टिक कूड़ा एकत्र कर किया गया निस्तारण
थत्यूड़/सकलाना, जौनपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता ही सेवा अभियान के अंतर्गत सकलाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत हटवाल गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय में स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान विद्यालय परिसर के साथ आसपास के रास्तों की साफ-सफाई की गई तथा करीब 20 किलो प्लास्टिक कूड़ा एकत्र कर उसका निस्तारण किया गया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य सतेन्द्र सरियाल ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यालय परिसर और आसपास के रास्तों में स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अन्य सहयोगियों ने मिलकर साफ-सफाई की और एकत्रित कूड़े का उचित निस्तारण किया। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्थानीय लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी है।
स्वच्छता के साथ विकसित भारत का संकल्प
सामाजिक कार्यकर्ता अनिल हटवाल ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर देशभर में चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत@2047 के संकल्प को साकार करने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपने स्तर पर सहयोग करना चाहिए और सामूहिक प्रयासों के माध्यम से स्वच्छता एवं विकास के लक्ष्य को आगे बढ़ाना चाहिए।
अभियान में शिक्षक प्रदीप उनियाल, आंगनबाड़ी कार्यकत्री निर्मला हटवाल, कृष्णा नेगी, अंशुल हटवाल, रोहित हटवाल, प्रियाशी, गौरी, अनुराग, रिया, पिया, महेश, दिव्या सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
