राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में मनाया गया नदी उत्सव, गंगा आरती के साथ दिया संरक्षण का संदेश
नमामि गंगे कार्यक्रम के तहत आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, विद्यार्थियों को जल संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति किया प्रेरित
मजरा महादेव, पौड़ी गढ़वाल, 04 नवम्बर 2026। राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत बुधवार को नदी उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नदियों के संरक्षण, स्वच्छता और जल संसाधनों के महत्व के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना रहा। इस अवसर पर महाविद्यालय परिसर के साथ अर्धनारीश्वर धाम घाट पर भी धार्मिक एवं जागरूकता गतिविधियों के माध्यम से नदी संरक्षण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राकेश कुमार भट्ट ने कहा कि नदियां हमारी प्राकृतिक धरोहर हैं। मानव जीवन और पर्यावरण के संतुलन में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। नदियों का संरक्षण करना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से जल संरक्षण और नदी स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने तथा समाज के अन्य लोगों तक भी इसका संदेश पहुंचाने का आह्वान किया।
जनसहभागिता से ही संभव है नदियों का संरक्षण
नमामि गंगे कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल ने कहा कि नदियों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए जनसहभागिता अत्यंत आवश्यक है। जल संरक्षण केवल एक अभियान तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे अपनी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाना होगा।
उन्होंने विद्यार्थियों को नदियों में कूड़ा-कचरा नहीं डालने और जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखा जा सकता है।
अर्धनारीश्वर धाम घाट पर हुई गंगा आरती
कार्यक्रम के अंतर्गत अर्धनारीश्वर धाम घाट पर गंगा आरती का आयोजन किया गया। इसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। स्थानीय लोगों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता कर नदी संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाया।
इस अवसर पर अर्धनारीश्वर धाम के प्रधान पुजारी गिरीश चंद्र पोखरियाल, भरत पंवार, सुरेंद्र पंवार, वीरेंद्र सहित अन्य स्थानीय लोग उपस्थित रहे। नदी उत्सव के माध्यम से प्रतिभागियों को नदियों की स्वच्छता, जल संवर्धन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया।
