विश्व बुजुर्ग एवं वरिष्ठ नागरिक दिवस पर थान गांव में स्वास्थ्य शिविर और विधिक जागरूकता कार्यशाला
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजन, वरिष्ठ नागरिकों सहित सैकड़ों लोगों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण
चंबा, टिहरी गढ़वाल, सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’। विश्व बुजुर्ग एवं वरिष्ठ नागरिक दिवस के अवसर पर थान गांव में एक दिवसीय स्वास्थ्य परीक्षण शिविर एवं जन-जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन स्वास्थ्य विभाग एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
कार्यशाला में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीनियर सिविल जज श्री दयाराम ने ग्रामीणों को विधिक, कानूनी एवं न्यायिक व्यवस्थाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि आमजन के बीच जाकर कानूनी जानकारी उपलब्ध कराना और जरूरतमंद लोगों को निशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करना विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य है।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय स्तर से लेकर राज्य एवं जिला स्तर तक जरूरतमंद, गरीब, दलित, दिव्यांग एवं वंचित वर्गों के लिए विधिक सहायता की व्यवस्था की गई है। उन्होंने बताया कि जनपद टिहरी में 25 अधिवक्ताओं का पैनल है, जो जरूरतमंद लोगों को विधिक सेवाएं प्रदान करता है।
नालसा हेल्पलाइन 15100 की दी जानकारी
सीनियर सिविल जज दयाराम ने ग्रामीणों को नालसा हेल्पलाइन के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जरूरतमंद लोग विधिक सहायता एवं मार्गदर्शन के लिए इस सुविधा का लाभ ले सकते हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि देशभर में अधिकार मित्रों की व्यवस्था की गई है, जो गांव-गांव और विभिन्न क्षेत्रों में जाकर विधिक शिविर एवं क्लीनिक के माध्यम से लोगों को कानूनी जानकारी एवं सहायता उपलब्ध कराने में सहयोग करते हैं।
स्थायी लोक अदालत की ओर से अधिवक्ता खेमराज सेमवाल एवं रिटेनर अधिवक्ता राजपाल सिंह मियां ने भी कार्यशाला में विधिक जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों को उचित लाभ दिलाने के लिए विधिक सहायता की यह व्यवस्था उपलब्ध है।
वरिष्ठ नागरिकों सहित सैकड़ों लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण
कार्यक्रम के तहत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में वरिष्ठ नागरिकों के साथ-साथ सैकड़ों अन्य लोगों का भी स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। शिविर में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हुए।
सीएचसी चंबा के अधीक्षक डॉ. पुखराज सिंह के नेतृत्व में स्वास्थ्य टीम ने लोगों का परीक्षण किया। टीम में डॉ. आकांक्षा, डॉ. शिखा, डॉ. सुमित, रेखा एवं कविता शामिल रहे।
वरिष्ठ नागरिक दिवस पर फल वितरित
इस अवसर पर श्रीमती सुशीला देवी सेमवाल ने कार्यशाला में उपस्थित लोगों को अपनी ओर से फल वितरित किए।
कार्यक्रम के अंत में ग्राम पंचायत थान की प्रधान सुमन देवी ने सभी अतिथियों, स्वास्थ्य विभाग की टीम, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अधिकारियों एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। इस मौके पर थाना चंबा के पुलिसकर्मी एवं अधिकार मित्र भी उपस्थित रहे।
