प्रदेशभर के विद्यालयों में व्यापक रूप से चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
26 सितंबर को भाषण, 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता; रंगोली, युवा संवाद और अन्य कार्यक्रमों का भी होगा आयोजन
देहरादून, 20 सितंबर 2026। उत्तराखंड के राजकीय एवं निजी विद्यालयों में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को व्यापक स्तर पर संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करते हुए भाषण, चित्रकला, निबंध, रंगोली और युवा संवाद सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के सफल आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को सौंपी गई है।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने प्राथमिक शिक्षा निदेशालय स्थित विद्या समीक्षा केंद्र के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को अभियान को व्यापक स्तर पर संचालित करने के निर्देश दिए।
26 सितंबर को भाषण, 28 को चित्रकला प्रतियोगिता
डॉ. रावत ने बताया कि प्रदेश के प्रत्येक विद्यालय में 26 सितंबर को भाषण प्रतियोगिता तथा 28 सितंबर को चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। चित्रकला प्रतियोगिता में विद्यार्थी ‘विकसित भारत’ की परिकल्पना को चित्रों के माध्यम से प्रदर्शित करेंगे।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागी आगे जनपद एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को प्रशस्ति पत्र के साथ नकद पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।
बालिका विद्यालयों में रंगोली, ब्लॉक एवं विधानसभा स्तर पर युवा संवाद
विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने बताया कि रंगोली प्रतियोगिता बालिका इंटर कॉलेजों में आयोजित की जाएगी। इसके अलावा प्रत्येक ब्लॉक अथवा विधानसभा क्षेत्र में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
अभियान के अंतर्गत उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले तीन जनपदों को भी पृथक रूप से पुरस्कृत किया जाएगा।
7 अक्टूबर को विद्यालयों में होगा ‘गढ़भोज’ कार्यक्रम
बैठक में डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि आगामी 7 अक्टूबर को प्रदेश के सभी राजकीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में ‘गढ़भोज’ कार्यक्रम व्यापक स्तर पर आयोजित किया जाएगा।
पीएम पोषण योजना के तहत विद्यार्थियों को पहाड़ी एवं स्थानीय पारंपरिक व्यंजन परोसे जाएंगे। इसका उद्देश्य छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड की समृद्ध खान-पान परंपरा, संस्कृति और स्थानीय उत्पादों से जोड़ना है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।
उच्चीकृत विद्यालयों में इसी सत्र से शुरू होंगी कक्षाएं
विभागीय समीक्षा बैठक में विद्यालयी शिक्षा मंत्री ने नवीन उच्चीकृत विद्यालयों में इसी शैक्षणिक सत्र से कक्षाओं का संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही विद्यार्थियों के प्रवेश की प्रक्रिया भी समय पर पूरी करने को कहा।
उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त विद्यालयों के आगणन शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। वहीं समग्र शिक्षा के अंतर्गत विद्यार्थियों को मिलने वाली निःशुल्क स्कूल ड्रेस, जूते एवं बैग की धनराशि डीबीटी के माध्यम से उनके बैंक खातों में शीघ्र भेजने को कहा।
भारत दर्शन और राज्य दर्शन की तैयारियां शुरू करने के निर्देश
डॉ. रावत ने विद्यार्थियों को भारत दर्शन एवं राज्य दर्शन कार्यक्रम के तहत शैक्षणिक भ्रमण पर भेजने के लिए भी अभी से आवश्यक तैयारियां शुरू करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों से विभिन्न कार्यक्रमों की समयबद्ध तैयारी और प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में अपर सचिव विद्यालयी शिक्षा नमामि बंसल, महानिदेशक शिक्षा आकांक्षा कोंडे, निदेशक माध्यमिक वी.पी. सिमल्टी, निदेशक प्राथमिक के.एस. रावत, उप निदेशक जे.पी. काला, मुख्य शिक्षा अधिकारी देहरादून गोविंद राम जायसवाल सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं प्रदेश के अन्य जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों ने वर्चुअल माध्यम से बैठक में प्रतिभाग किया।
