सेवा ज्योति यात्रा के साथ लिया गया विकसित भारत@2047 का संकल्प
प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा में वन मंत्री सुबोध उनियाल सहित जनप्रतिनिधियों ने किया प्रतिभाग
टिहरी, 07 अक्टूबर 2026। सेवा संकल्प अभियान के तहत बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित राजकीय प्रताप इंटर कॉलेज मैदान में सेवा ज्योति यात्रा एवं विकसित भारत संकल्प सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल सहित राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, टिहरी विधायक किशोर उपाध्याय, धनौल्टी विधायक प्रीतम सिंह पंवार, घनसाली विधायक शक्तिलाल शाह और देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी सहित विभिन्न जनप्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने प्रतिभाग किया।
गार्ड ऑफ ऑनर से हुआ स्वागत
कार्यक्रम स्थल पर मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के पहुंचने पर पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इसके बाद अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने वर्चुअल माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संबोधन भी सुना।
विकसित भारत@2047 के निर्माण का लिया संकल्प
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने उपस्थित जनसमूह को ‘विकसित भारत@2047’ के निर्माण के लिए सामूहिक संकल्प दिलाया। इसके पश्चात अतिथियों ने सेवा ज्योति प्रज्वलित कर सेवा ज्योति यात्रा का शुभारंभ किया।
मशाल के साथ निकाली गई रैली में बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। रैली के माध्यम से सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया।
विभागीय योजनाओं की दी गई जानकारी
कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने तथा पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से विभागीय स्टॉल लगाए गए। अतिथियों ने विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर संबंधित विभागों की योजनाओं और सेवाओं की जानकारी ली।
इस दौरान स्कूली छात्राओं द्वारा सेवा संकल्प अभियान की थीम पर तैयार की गई रंगोलियों का भी अतिथियों ने अवलोकन किया और छात्राओं के प्रयासों की सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
कार्यक्रम में सूचना विभाग की सांस्कृतिक टीम ने देशभक्ति एवं जनजागरूकता से संबंधित प्रस्तुतियां दीं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से सेवा, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, दायित्वधारी सोना सजवान, जोत सिंह बिष्ट, संजय नेगी, खेम सिंह चौहान, गीता रावत, सदस्य अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, पूर्व मंत्री दिनेश धनै, पूर्व विधायक विजय पंवार, धन सिंह नेगी, जिला प्रभारी अनिल गोयल सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
