टिहरी झील में भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान के तृतीय कोर्स का शुभारंभ
देशभर से 26 प्रतिभागी ले रहे प्रशिक्षण, बेसिक, इंटरमीडिएट और एडवांस स्तर के पाठ्यक्रम होंगे संचालित
टिहरी गढ़वाल, 29 सितंबर 2026। भारतीय स्कीइंग एवं पर्वतारोहण संस्थान की ओर से टिहरी झील में तृतीय प्रशिक्षण कोर्स का शुभारंभ किया गया। कोर्स के शुभारंभ पर संस्थान के प्रधानाचार्य कर्नल ईश्वर सिंह थापा, एसएम, बीएसएम, एमआईडी ने सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा प्रशिक्षण को पूरी सुरक्षा एवं सावधानी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए।
इस प्रशिक्षण कोर्स में देशभर से कुल 26 प्रतिभागी प्रतिभाग कर रहे हैं। इनमें 5 युवतियां और 21 युवक शामिल हैं। प्रतिभागियों को प्रशिक्षण के दौरान बेसिक, इंटरमीडिएट एवं एडवांस स्तर के पाठ्यक्रमों का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन 9 अक्टूबर 2026 को होगा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को संबंधित गतिविधियों में तकनीकी दक्षता विकसित करने के साथ-साथ सुरक्षा एवं आवश्यक प्रशिक्षण प्रक्रियाओं की जानकारी भी दी जाएगी।
अनुभवी प्रशिक्षकों की देखरेख में प्रशिक्षण
कोर्स के मुख्य प्रशिक्षक प्रवीण सिंह रांगड़ हैं। उनके साथ अरविंद रतूड़ी, खलील अहमद तथा शब्बीर अहमद भट्ट बतौर प्रशिक्षक प्रतिभागियों को प्रशिक्षण प्रदान कर रहे हैं।
कोर्स में प्रतिभाग करने वालों में खुशी, नूधरथ, बरखा, राहुल, विक्रम, कृष्णा, यस, देवांश, मोहित, सलीम, अबरार, मलकित, अमिकेकेश, अंकित शर्मा, पंकज भारद्वाज, प्रशांत सहित अन्य प्रतिभागी शामिल हैं।
टिहरी झील में इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के आयोजन से प्रतिभागियों को जल आधारित साहसिक गतिविधियों एवं संबंधित कौशलों में प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।

