फार्मर रजिस्ट्री के लिए नकोट लगाया विशेष शिविर
सरकारी योजनाओं का लाभ लेने हेतु फार्मर रजिस्ट्री जरूरी, किसानों से आगे आकर पंजीकरण कराने की अपील
नकोट, टिहरी, 23 मई 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में चलाए जा रहे फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण अभियान के तहत तहसील टिहरी के राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज नकोट में विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में ग्राम पंचायत नकोट के 63 किसानों का सफलतापूर्वक फार्मर रजिस्ट्री पंजीकरण किया गया।
शिविर के दौरान कृषि विभाग एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री के महत्व और उससे मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। कार्यक्रम में सहायक कृषि अधिकारी भगीरथ जोशी, राजस्व उप निरीक्षक कोठी-नकोट क्षेत्र रमेश नौटियाल तथा न्याय पंचायत नकोट के कृषि सहायक बलबीर सिंह मखलोगा उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने बताया कि प्रत्येक भूमिधर किसान के लिए सरकारी योजनाओं एवं कृषि संबंधित लाभों का समय पर लाभ लेने हेतु फार्मर रजिस्ट्री करवाना बेहद आवश्यक है। साथ ही किसानों से अपील की गई कि वे इस जानकारी को अपने आसपास के अन्य किसानों तक भी पहुंचाएं, ताकि कोई भी पात्र किसान सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत नकोट के प्रधान युद्धवीर सिंह मखलोगा ने शिविर के सफल संचालन में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।
क्षेत्र के सभी किसान भाईयों! आपको बता दें कि जो किसान किसी कारणवश शिविर में उपस्थित नहीं हो सके, वे निकटवर्ती सीएससी सेंटर ‘अनुराग कम्प्यूटर्स कॉलेज रोड नकोट’ में जाकर अपनी फार्मर रजिस्ट्री करवा सकते हैं। इसके लिए किसानों को आधार कार्ड, आधार लिंक्ड मोबाइल नंबर एवं खतौनी साथ लाना अनिवार्य होगा।
