मूर्ति कला प्रतियोगिता में वंश नेगी ने प्रांत में हासिल किया प्रथम स्थान
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जड़धारगांव के छात्र वंश नेगी का शानदार प्रदर्शन, अब बरेली में क्षेत्रीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
टिहरी गढ़वाल। विद्या भारती अखिल भारतीय शिक्षण संस्थान द्वारा आयोजित शिशु शिक्षा समिति उत्तराखंड प्रांत की प्रांतीय बौद्धिक प्रतियोगिता में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जड़धारगांव के छात्र भैया वंश नेगी ने मूर्ति कला प्रतियोगिता में प्रांत स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर विद्यालय एवं क्षेत्र का नाम रोशन किया है।

वंश नेगी ने अपनी प्रतिभा और कला कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मूर्ति कला प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त किया। उनकी इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार, अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
श्री गणेश जी की मूर्ति विद्यालय को की भेंट
प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद विद्यालय के प्रधानाचार्य शांति स्वरूप सकलानी ने भैया वंश नेगी द्वारा बनाई गई श्री गणेश जी की सुंदर मूर्ति आयोजक विद्यालय सरस्वती शिशु मंदिर बौराड़ी, नई टिहरी के प्रधानाचार्य श्री शीशराम कोठियाल को सप्रेम भेंट की।
इस अवसर पर वंश नेगी की कलात्मक प्रतिभा की सराहना की गई तथा उनकी उपलब्धि को विद्यालय एवं क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया गया।
अब बरेली में क्षेत्रीय प्रतियोगिता में करेंगे प्रतिभाग
प्रांतीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने के बाद भैया वंश नेगी अब क्षेत्रीय प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगे, जिसका आयोजन बरेली, उत्तर प्रदेश में किया जाएगा। विद्यालय परिवार ने वंश नेगी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें आगामी प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं भी सफलतापूर्वक संपन्न
जिले की समस्त प्रतियोगिताएं जिला निरीक्षक श्री राकेश बहुगुणा के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुईं। विद्यालय परिवार ने प्रतियोगिताओं के सफल आयोजन एवं मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
सरस्वती शिशु विद्या मंदिर जड़धारगांव की ओर से भैया वंश नेगी एवं उनके माता-पिता को इस शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। विद्यालय परिवार ने उम्मीद जताई कि वंश नेगी आगामी क्षेत्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय एवं टिहरी गढ़वाल का नाम रोशन करेंगे।
