बंदरों के हमले से बुजुर्ग महिला घायल, एंबुलेंस से गजा अस्पताल पहुंचाया गया
धारअकरिया पट्टी के बिरोगी गांव में हुई घटना, वन विभाग से बंदरों को पकड़ने हेतु पिंजरा लगाने की मांग
गजा/टिहरी गढ़वाल, 28 जुलाई 2026 | सरहद का साक्षी, डिजिटल मीडिया
विकासखंड चंबा की धारअकरिया पट्टी के ग्राम बिरोगी में मंगलवार को बंदरों के हमले में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद परिजनों ने तत्काल एंबुलेंस की सहायता से महिला को राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय गजा पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति पर निगरानी रखी।
आंगन में आते ही बंदरों के झुंड ने किया हमला
घायल महिला लज्जावती देवी (74 वर्ष), पत्नी स्व. किशोरी लाल, के पुत्र राजेश कोठारी ने बताया कि उनकी मां घर के भीतर से जैसे ही आंगन में आईं, पहले से मौजूद बंदरों के झुंड ने उन पर अचानक हमला कर दिया। बंदरों ने उनकी पीठ पर कई स्थानों पर नाखूनों से गंभीर चोट पहुंचाई। हमले के दौरान संतुलन बिगड़ने से वह जमीन पर गिर गईं, जिससे उनके हाथ और पैर में भी चोटें आईं।
गजा अस्पताल में हुआ उपचार
घटना की सूचना मिलते ही एंबुलेंस के माध्यम से घायल महिला को राजकीय एलोपैथिक चिकित्सालय गजा ले जाया गया। अस्पताल में डॉ. अनीषा मलिक ने उनका चिकित्सकीय परीक्षण कर आवश्यक उपचार प्रदान किया।
वन विभाग को दी गई सूचना
राजेश कोठारी ने बताया कि घटना की जानकारी तत्काल वन अनुभाग गजा को दी गई। सूचना मिलने पर वन क्षेत्राधिकारी (बीट अधिकारी) बलवीर सिंह पंवार अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। साथ ही मामले की सूचना प्रभागीय वनाधिकारी (DFO) एवं रेंज अधिकारी, नई टिहरी को भी दूरभाष के माध्यम से दी गई।
बंदरों को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग
नगर पंचायत गजा के अध्यक्ष कुंवर सिंह चौहान ने भी प्रभागीय वनाधिकारी, नई टिहरी से दूरभाष पर वार्ता कर घायल महिला के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में बंदरों के बढ़ते आतंक को देखते हुए उन्हें पकड़ने के लिए शीघ्र पिंजरा लगाने की मांग की।
उन्होंने कहा कि गजा एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में बंदरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे आमजन, विशेषकर बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडरा रहा है। खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ अब बंदरों द्वारा लोगों पर हमले की घटनाएं भी बढ़ रही हैं।
ग्रामीणों में बढ़ रही चिंता
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में ऐसी घटनाएं और गंभीर रूप ले सकती हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से बंदरों की समस्या के स्थायी समाधान के लिए त्वरित कदम उठाने की मांग की है।

