विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 के प्रथम चरण प्रशिक्षण को लेकर बैठक सम्पन्न
बीएलओ बैठकों, राजनीतिक दलों से समन्वय और त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने पर दिया गया जोर
टिहरी गढ़वाल, 21 मई 2026 | SKS News।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखण्ड द्वारा प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों एवं जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 को लेकर वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी पुनरीक्षण कार्यक्रम को सुव्यवस्थित, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
23 मई तक प्रथम चरण की तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश
बैठक में निर्देश दिए गए कि जनपद स्तर पर 23 मई तक सभी बीएलओ (BLO) के साथ बैठकें आयोजित कर प्रथम चरण की तैयारियां पूरी कर ली जाएं।
साथ ही 01 जून से 05 जून तक आयोजित होने वाले द्वितीय चरण के प्रशिक्षण के लिए विस्तृत कैलेंडर तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
राजनीतिक दलों के साथ नियमित समन्वय बैठकें होंगी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी द्वारा कहा गया कि मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के साथ नियमित समन्वय बैठकें आयोजित की जाएं।
निर्देशानुसार प्रत्येक सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) एवं प्रत्येक मंगलवार को निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ERO) राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक करेंगे। यह प्रक्रिया 01 जून से प्रारंभ होकर निर्वाचक नामावली के अंतिम प्रकाशन तक जारी रहेगी।
VIP निर्वाचकों की फ्लैगिंग और डेटा परीक्षण पर जोर
बैठक में निर्देश दिए गए कि मैप्ड निर्वाचकों का विवरण डाउनलोड कर उसका सावधानीपूर्वक परीक्षण किया जाए तथा VIP निर्वाचकों की फ्लैगिंग 20 मई तक ECI Net पर सुनिश्चित की जाए।
सभी बीएलओ को फील्ड भ्रमण के दौरान अनिवार्य रूप से अपना पहचान पत्र साथ रखने के निर्देश भी दिए गए।
त्रुटिरहित निर्वाचक नामावली तैयार करने पर फोकस
बैठक में तार्किक विसंगतियों (Logical Discrepancy) की रिपोर्ट तैयार करने एवं निर्वाचन संबंधी सभी अभिलेखों का गहन परीक्षण करने के निर्देश दिए गए, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य पूरी पारदर्शिता एवं त्रुटिरहित ढंग से सम्पन्न कराया जा सके।
बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र नेगी, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति, एसडीएम टिहरी कमलेश, डीपीआरओ एम.एम. खान, एडीईओ (निर्वाचन) विजय तिवारी सहित अन्य नोडल अधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

