चंबा में नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित, बुजुर्गों और महिलाओं ने उठाया लाभ
मोतियाबिंद, रेटिना और अन्य नेत्र रोगों की हुई जांच, जरूरतमंदों के लिए निशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था
चंबा, टिहरी गढ़वाल | रिपोर्ट: सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ | SKS News।
प्रोजेक्ट “विजन फॉर ऑल” के तत्वावधान में गजा रोड स्थित सभागार में नेत्र सेवा केंद्र चंबा द्वारा नि:शुल्क नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किया गया। यह शिविर जगुआर रिसोर्स एंड कैपिटल प्राइवेट लिमिटेड एवं श्री ओम फाउंडेशन के सहयोग से आयोजित किया गया।
शिविर में नगर क्षेत्र के अलावा दूरस्थ गांवों से आए बुजुर्गों, महिलाओं एवं अन्य लोगों ने नेत्र परीक्षण करवाकर विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श लिया। शिविर के आयोजन में सभासद शक्ति प्रसाद जोशी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
मोतियाबिंद और रेटिना सहित विभिन्न रोगों की जांच
शिविर में डॉ. रितु एवं दीपक गुसाईं द्वारा दर्जनों मरीजों की आंखों की बारीकी से जांच की गई।
इस दौरान चश्मे के नंबर, मोतियाबिंद, रेटिना, नखुना, पलक झुकना, पलक मुड़ना तथा आंखों से पानी निकलने जैसी समस्याओं की जांच की गई।
जटिल समस्याओं से ग्रसित मरीजों को आगे उपचार हेतु नेत्र सेवा केंद्र चंबा भेजा गया तथा जरूरतमंदों को दवाइयां एवं चश्मे भी उपलब्ध कराए गए।
निशुल्क ऑपरेशन और आवागमन की सुविधा
शिविर में जानकारी दी गई कि वरिष्ठ चिकित्सकों की सलाह के बाद मोतियाबिंद सहित अन्य गंभीर नेत्र रोगों के ऑपरेशन देहरादून स्थित अस्पताल में निशुल्क कराए जाते हैं।
इसके साथ ही मरीजों को अस्पताल लाने और उपचार के बाद सुरक्षित घर छोड़ने की भी व्यवस्था की जाती है। लोगों से आयुष्मान कार्ड एवं आधार कार्ड साथ लाने की अपील की गई।
बीपी और शुगर की भी हुई जांच
नेत्र परीक्षण से पहले मरीजों का बीपी और शुगर स्तर भी मशीनों के माध्यम से जांचा गया।
शिविर में सुरेश रमोला, अनिल रमोला, सीता देवी, शांति चौहान, सरोज सकलानी, बीना तोमर, आशीष बहुगुणा, प्रमिला नेगी, कुलबीर सिंह, मारकंडे बडोनी सहित कई लोगों ने परीक्षण करवाकर चिकित्सकीय परामर्श प्राप्त किया।
आगे भी लगेंगे शिविर
डॉ. रितु ने बताया कि भविष्य में शहर के अन्य वार्डों में भी इस प्रकार के नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि बुजुर्ग महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को इलाज के लिए दूर न जाना पड़े और उन्हें समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।
