स्वतंत्रता दिवस पर वीर नारियों ने फहराया तिरंगा, शहीदों को किया नमन
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में शहीद जोगिंदर सिंह और शहीद विक्रम सिंह की वीर नारियों ने संयुक्त रूप से किया ध्वजारोहण
टिहरी गढ़वाल, 15 अगस्त 2026। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय, नई टिहरी में वीर नारियों द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। शहीद जोगिंदर सिंह की पत्नी वीर नारी श्रीमती किरण एवं शहीद विक्रम सिंह की पत्नी श्रीमती पार्वती ने संयुक्त रूप से ध्वजारोहण कर स्वतंत्रता दिवस समारोह को गौरवपूर्ण बना दिया।
ध्वजारोहण के पश्चात राष्ट्रगान हुआ। इस अवसर पर जिला सैनिक कल्याण कार्यालय टिहरी के सहायक अधिकारी सूबेदार मेजर ऑनरेरी कैप्टन बलवंत सिंह रावत ने देश के अमर शहीदों को नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि देश की स्वतंत्रता, सुरक्षा और अखंडता के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का योगदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।
वीर नारियों का किया सम्मान
कार्यक्रम के दौरान वीर नारी श्रीमती किरण को सम्मानित किया गया। वहीं सूबेदार रुकम सिंह कठैत ने वीर नारी श्रीमती पार्वती को सम्मानित किया।
इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने कहा कि यह अत्यंत गौरव और हर्ष का विषय है कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के प्रांगण में देश के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सैनिकों की वीर नारियों ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
वीर नारियों के सम्मान एवं उनके द्वारा किए गए ध्वजारोहण ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को और भी गरिमामय, भावपूर्ण एवं गौरवपूर्ण बना दिया। उपस्थित लोगों ने वीर सैनिकों के बलिदान को याद करते हुए उनके परिवारों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।
