नकोट क्षेत्र में हर्षोल्लास से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, शिक्षण संस्थानों में निकली प्रभातफेरी
बैंकिंग संस्थानों में हुआ ध्वजारोहण, विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति नारों के साथ निकाली प्रभातफेरी
नकोट, टिहरी गढ़वाल। मखलोगी प्रखंड के नकोट क्षेत्र में बैंकिंग संस्थानों एवं शिक्षण संस्थानों द्वारा स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। विभिन्न संस्थानों में ध्वजारोहण के साथ सांस्कृतिक एवं राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
जिला सहकारी बैंक में हुआ ध्वजारोहण
जिला सहकारी बैंक शाखा नकोट में शाखा प्रबंधक महेश बडोनी ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर बैंक के कैशियर कुलवीर रावत, विजेंद्र शाह एवं उत्तम दास सहित स्थानीय व्यापारी मोहन सिंह धनोला, मनोज चमोली, संजय चौहान, प्यारे लाल, श्याम सिंह कुठ्ठी, किशन मखलोगा, मुकेश बिष्ट एवं खुशीराम उनियाल आदि उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के बाद बैंक की ओर से मिष्ठान वितरण किया गया तथा उपस्थित लोगों को सूक्ष्म जलपान कराया गया।

सहकारी समिति और एसबीआई शाखा में भी फहराया तिरंगा
सहकारी समिति तुंगोली-नकोट के कार्यालय में समिति सरपंच दिलवीर मखलोगा ने ध्वजारोहण किया। इस दौरान समिति के दिनेश रमोला, विजय सिंह रावत आदि सहित अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। वहीं, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) नकोट शाखा में भी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण किया गया।
छात्र-छात्राओं ने निकाली प्रभातफेरी
नकोट के सरस्वती शिशु विद्या मंदिर, राजकीय इंटर कॉलेज एवं सनराइज पब्लिक स्कूल के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति के गगनभेदी नारों के साथ बाजार में प्रभातफेरी निकाली।
https://www.facebook.com/share/r/19EBTGP9Zz/
प्रभातफेरी के दौरान विद्यार्थियों में स्वतंत्रता दिवस को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। सरस्वती शिशु विद्या मंदिर के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। झांकी के माध्यम से विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। पूरे नकोट क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति का माहौल देखने को मिला।

