अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में ‘रन फॉर योगा’ में शामिल हुए मुख्यमंत्री धामी, युवाओं से योग को दिनचर्या में अपनाने का किया आह्वान
योग केवल व्यायाम नहीं, स्वस्थ जीवन और सकारात्मक सोच का आधार : मुख्यमंत्री
देहरादून, 20 जून 2026 | SKS News | रिपोर्ट: डॉ. शोभा राम उनियाल
12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में देहरादून स्थित पुलिस लाइन में आयोजित “रन फॉर योगा” कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेशवासियों, विशेषकर युवाओं से योग को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि योग स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का सबसे प्रभावी माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह आयोजन केवल एक दौड़ नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन, सकारात्मक सोच और योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का एक सशक्त अभियान है। उन्होंने कहा कि योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ समाज के निर्माण की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण पहल है।
उत्तराखंड योग और आध्यात्मिक साधना की भूमि
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। यहां की समृद्ध आध्यात्मिक परंपरा और प्राकृतिक वातावरण मानवता को स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवन का संदेश देते हैं।
उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन सांस्कृतिक धरोहर है, जो शरीर, मन और आत्मा के बीच सामंजस्य स्थापित करने वाली वैज्ञानिक एवं जीवनोपयोगी पद्धति है।
प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से योग को मिली वैश्विक पहचान
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और प्रयासों के कारण योग को वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 में संयुक्त राष्ट्र महासभा में भारत के प्रस्ताव के बाद 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के रूप में मान्यता मिली और आज विश्व के 190 से अधिक देशों में करोड़ों लोग योग का अभ्यास कर रहे हैं।
तनाव और अवसाद से मुक्ति का प्रभावी माध्यम है योग
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और विभिन्न स्वास्थ्य चुनौतियों के बीच योग स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का प्रभावी माध्यम बनकर उभरा है।
उन्होंने युवाओं से नियमित योग एवं व्यायाम को अपनी दिनचर्या में शामिल करने का आह्वान करते हुए कहा कि स्वस्थ, ऊर्जावान और अनुशासित युवा ही राज्य एवं देश के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला हैं।
उत्तराखंड को योग और वेलनेस हब बनाने की दिशा में प्रयास
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने बताया कि नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। साथ ही योग प्रशिक्षकों को सहयोग प्रदान कर योग एवं वेलनेस आधारित रोजगार के नए अवसर भी विकसित किए जा रहे हैं।
नशामुक्त समाज और स्वस्थ जीवनशैली का लिया संकल्प
मुख्यमंत्री ने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग अपनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली विकसित करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि प्रदेश के युवा योग को जनआंदोलन का स्वरूप देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे और स्वस्थ, समृद्ध एवं सशक्त उत्तराखंड के निर्माण में सहभागी बनेंगे।
कार्यक्रम में रहे उपस्थित
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक विनोद चमोली, मेयर देहरादून सौरभ थपलियाल, सचिव आयुष रंजना राजगुरु, जिलाधिकारी देहरादून डॉ. आशीष चौहान तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक परमेंद्र डोभाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
