अम्बेडकर जयंती 14 अप्रैल को उत्तराखंड के विद्यालयों में धूमधाम से मनाई जाएगी – डॉ. धन सिंह रावत
मुख्य शिक्षा अधिकारियों को निर्देश: सभी स्कूलों में हों डॉ. अम्बेडकर पर आधारित कार्यक्रम
देहरादून।
उत्तराखंड के सभी सरकारी और निजी विद्यालयों में 14 अप्रैल को संविधान निर्माता, भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाई जाएगी। इस अवसर पर वाद-विवाद, भाषण, निबंध, पोस्टर, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ-साथ गोष्ठियों का आयोजन कर छात्रों को डॉ. अम्बेडकर के जीवन और योगदान से अवगत कराया जाएगा।
विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बताया कि प्रदेश के सभी स्कूलों में डॉ. अम्बेडकर की जयंती को भव्य रूप में मनाने के निर्देश मुख्य शिक्षा अधिकारियों को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम छात्र-छात्राओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेंगे, जिससे वे डॉ. अम्बेडकर के संघर्ष, सामाजिक सुधारों और संविधान निर्माण में उनके योगदान को जान सकें।
डॉ. रावत ने कहा कि स्कूलों में डॉ. अम्बेडकर की जीवनी, समानता, न्याय, सामाजिक समरसता, और उनके अमूल्य योगदान पर आधारित परिचर्चाएं आयोजित की जाएंगी। साथ ही, छात्रों को उनके विचारों से प्रेरणा लेकर समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा।
कार्यक्रमों में भाग लेने वाले बच्चों को पुरस्कृत कर उनके आत्मविश्वास को भी बढ़ावा दिया जाएगा। शिक्षा विभाग का उद्देश्य है कि नई पीढ़ी डॉ. अम्बेडकर के विचारों को आत्मसात करे और देश के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाए।
