अहमदाबाद में 8 और 9 अप्रैल को होगी अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की बैठक
संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक भी प्रस्तावित
टिहरी: जिला कांग्रेस कमेटी टिहरी गढ़वाल के अध्यक्ष राकेश राणा ने जानकारी देते हुए बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की बैठक आगामी 8 और 9 अप्रैल 2025 को गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित की जाएगी।
उन्होंने राष्ट्रीय महासचिव (संचार) श्री जयराम रमेश के हवाले से बताया कि अखिल भारतीय कांग्रेस के अध्यक्ष श्री मल्लिकार्जुन खड़गे जी ने AICC के सभी महासचिवों और प्रभारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में नेता विपक्ष श्री राहुल गांधी भी मौजूद रहे, जहां अहमदाबाद में होने वाले AICC सत्र के विषय में चर्चा की गई।
8 अप्रैल को अहमदाबाद में कांग्रेस कार्य समिति (CWC) की बैठक होगी और 9 अप्रैल को AICC का मुख्य सत्र आयोजित किया जाएगा।
इसके अतिरिक्त, 27-28 मार्च और 3 अप्रैल को दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी भवन में देश के सभी जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक बुलाई गई है। इस बैठक का उद्देश्य जिला कांग्रेस कमेटी (DCC) को सशक्त बनाना और संगठन को मजबूत आधार प्रदान करना है।
राकेश राणा ने बताया कि बेलगावी में आयोजित ‘नव सत्याग्रह बैठक’ में यह निर्णय लिया गया था कि वर्ष 2025 को ‘संगठन का वर्ष’ घोषित किया जाएगा। इसी क्रम में ‘संगठन सृजन कार्यक्रम’ की घोषणा की गई थी और जिला कांग्रेस अध्यक्षों की बैठक इसी उद्देश्य को साकार करने हेतु बुलाई गई है।
