पी.जी. कॉलेज कोटद्वार में समान नागरिक संहिता (UCC) पर कार्यशाला आयोजित
UCC-2024 के प्रावधानों पर दी गई विस्तार से जानकारी
कोटद्वार: डॉ. पीतांबर दत्त बर्थवाल हिमालयन राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोटद्वार में आई.क्यू.ए.सी. के तत्वावधान में समान नागरिक संहिता (UCC) विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का आयोजन उत्तराखंड शासन एवं उच्च शिक्षा निदेशालय के निर्देशानुसार किया गया।
मुख्य वक्ता एवं आई.क्यू.ए.सी. कॉर्डिनेटर डॉ. प्रवीन जोशी ने UCC-2024 के तहत विवाह रजिस्ट्रेशन, तलाक़, लिव-इन रिलेशनशिप, बाल विवाह, वसीयत एवं उत्तराधिकार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने पी.पी.टी. के माध्यम से यू.सी.सी. पोर्टल पर विवाह रजिस्ट्रेशन की पूरी प्रक्रिया को सरल तरीके से समझाया।
डॉ. जोशी ने स्पष्ट किया कि यू.सी.सी. कानून उत्तराखंड राज्य के सभी नागरिकों पर लागू होगा और इसके तहत प्रत्येक नागरिक का डेटा पंजीकृत कर संग्रहित किया जाएगा, जिससे राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं को सुचारू रूप से लागू किया जा सकेगा।
डॉ. जोशी ने बताया कि यू.सी.सी. लागू करने से पूर्व गठित समिति ने प्रदेश के विभिन्न भागों से जनसाधारण के सुझाव आमंत्रित किए थे। प्राप्त 2,32,961 सुझावों के अध्ययन के बाद इस कानून का निर्माण किया गया, जिसे 25 जनवरी 2025 से पूरे उत्तराखंड में लागू कर दिया गया है। इस कानून के तहत महिलाओं को भी पुरुषों के समान अधिकार दिए गए हैं।
महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) डी.एस. नेगी ने कार्यशाला के समापन पर यू.सी.सी. के कानूनी पहलुओं पर प्रकाश डालते हुए बताया कि महाविद्यालय में ऐसे सभी कर्मचारियों और प्राध्यापकों जिनका विवाह 26 मार्च 2010 के बाद हुआ है, के पंजीकरण की प्रक्रिया तेजी से जारी है। इनमें से 33 कर्मचारियों का पंजीकरण पूर्ण हो चुका है, जबकि शेष 4 का पंजीकरण शीघ्र ही पूरा किया जाएगा।
इस कार्यशाला में महाविद्यालय की आई.क्यू.ए.सी. टीम, समस्त प्राध्यापकगण, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. प्रियंका अग्रवाल ने किया।
