आपदा न्यूनीकरण दिवस पर महाविद्यालय नागनाथ पोखरी में “आपदा जागरूकता व क्षमतागत विकास’ विषय कार्यशाला आयोजित
पोखरी, चमोली: आपदा न्यूनीकरण दिवस पर हिमवन्त कवि चन्द्रकुंवर बर्त्वाल राजकीय महाविद्यालय नागनाथ पोखरी, चमोली में आज शुक्रवार को महाविद्यालय के आपदा प्रबन्धन प्रकोष्ठ एवं गैरसरकारी संगठन सेवा इण्टरनेशनल के संयुक्त तत्वाधान में “आपदा जागरूकता व क्षमतागत विकास’ विषय पर एक कार्यशाला का आयोजन सम्पन्न किया गया।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम महाविद्यालय के आपदा प्रबन्धन प्रकोष्ठ के संयोजक डॉ० रामानन्द उनियाल द्वारा सेवा इण्टरनेशनल से आये हुए प्रबन्धक एवं प्रशिक्षकों इत्यादि का स्वागत किया गया। डॉ० उनियाल ने कहा कि आपदा मानव के जीवन का एक अभिन्न अंग है, जिसे रोका नहीं जा सकता है परन्तु इसके लिए मानव पहले ही प्रशिक्षित होकर आपदा जोखिम में कमी लायी सकती है।
उसके उपरान्त सेवा इण्टरनेशनल पोखरी की संयोजिका श्रीमती लता बर्त्वाल द्वारा महाविद्यालय प्राचार्य डॉ० संजीव कुमार जुयाल एवं महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ० एन०के०चमोला का धन्यवाद किया गया एवं उनके द्वारा भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यशालाओं का आयोजन महाविद्यालय में किया जायेगा यह आश्वासन भी दिया गया।
इस कार्यशाला में ट्रेनी ऑफिसर सेवा इण्टरनेशनल श्री लोकेन्द्र बलोदी द्वारा महाविद्यालय के प्रेक्षागृह में एक विस्तृत व्याख्यान पी०पी०टी० के माध्यम से दिया गया, बलोदी जी ने भारतवर्ष एवं उत्तराखण्ड में समय-समय पर भौगोलिक दृष्टिगत विभिन्न दैवीय आपदाओं का विस्तारपूर्वक जिक्र किया। उन्होंने यह भी बताया कि उत्तराखण्ड आपदाओं की दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील क्षेत्र में अवस्थित है इसलिए उत्तराखण्ड के निवासियों को आपदा प्रबन्धन हेतु व्यक्तिगत रूप से जागरुक होना आवश्यक है। श्री बलोदी जी द्वारा कार्यशाला में छात्र / छात्राओं के माध्यम से आपदा प्रबन्धन हेतु विभिन्न उपयोगी गुरों का प्रदर्शन किया गया।
इस कार्यशाला में सेवा इण्टरनेशनल पोखरी के प्रोजेक्ट इंचार्ज श्री मनवर रावत, सी०डी०ओ० श्री तरुण बिष्ट, सी०एफ० श्रीमती तशवीरा नेगी, सी०एफ० श्रीमती हसी पंत एवं महाविद्यालय के प्राध्यापक डॉ० अभय कुमार श्रीवास्तव, डॉ० चन्द्रसुत हरिओम, डॉ० अनिल कुमार, डॉ० साजिया सिद्धगी डॉ० जगजीत सिंह, डॉ० अंशू सिंह, डॉ० शशि चौहान, डॉ० कंचन सहगल, डॉ० आयुष बर्त्वाल, डॉ० प्रवीण मैठानी महाविद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं महाविद्यालय के समस्त शिक्षारत छात्र / छात्राएं मौजूद रहे।
