एनआईटी श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश, स्थानीय युवाओं को रोजगार देने पर जोर : डॉ. धन सिंह रावत
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने समीक्षा बैठक में गुणवत्ता, रोजगार और आधारभूत सुविधाओं पर दिए निर्देश, पॉलीटेक्निक भवन लौटाने को भी कहा
देहरादून, 28 मई 2026।
उत्तराखण्ड के तकनीकी शिक्षा मंत्री Dhan Singh Rawat ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) श्रीनगर के निर्माण कार्यों में तेजी लाने और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्थानीय लोगों के हक-हकूक और रोजगार को प्राथमिकता देने पर भी विशेष जोर दिया।
कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने गुरुवार को अपने शासकीय आवास में तकनीकी शिक्षा विभाग, National Institute of Technology Srinagar एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने अपने वायदों के अनुरूप संस्थान को बिजली, पानी और सड़क जैसी आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध करा दी हैं। अब संस्थान को शेष कार्यों को गति देने की आवश्यकता है। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं की कार्यशैली पर नाराजगी व्यक्त करते हुए कहा कि निर्माण कार्य अनुबंधों के अनुरूप नहीं चल रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों में असंतोष की स्थिति बनी हुई है।
डॉ. रावत ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिन ग्रामीणों ने भूमि उपलब्ध कराई है तथा आसपास के क्षेत्रों के लोगों को प्राथमिकता के आधार पर रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर प्रदान किए जाएं। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करना सरकार की प्राथमिकता है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने एनआईटी श्रीनगर प्रशासन को राजकीय पॉलीटेक्निक श्रीनगर के अधिग्रहित भवनों को चरणबद्ध तरीके से तकनीकी शिक्षा विभाग को वापस सौंपने के निर्देश भी दिए। साथ ही एनआईटी परिसर की सीमा में आने वाले ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक के दौरान विभागीय मंत्री ने तकनीकी शिक्षा विभाग में वार्षिक स्थानांतरण प्रक्रिया समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एक सप्ताह के भीतर प्रतिनियुक्ति एवं संबद्धीकरण पर अन्य विभागों में तैनात समस्त कार्मिकों को उनके मूल पदों पर वापस भेजने के आदेश भी जारी किए।
बैठक में अपर सचिव तकनीकी शिक्षा मनुज गोयल, एनआईटी श्रीनगर के डीन प्रो. विवेक श्रीवास्तव, निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज, कुलसचिव एच.एम. आजाद, सचिव यूबीटीआर डॉ. मुकेश माण्डेय, संयुक्त निदेशक आलोक मिश्र, उप निदेशक एस.के. वर्मा सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
