पेयजल, विद्युत, सड़क और स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ी शिकायतें रहीं प्रमुख, क्षेत्रीय समस्याओं पर अधिकारियों को कार्यवाही के आदेश
कीर्तिनगर, टिहरी/दिनांक 09 दिसंबर, 2025।
दिसंबर के दूसरे मंगलवार को तहसील कीर्तिनगर में जिला प्रशासन द्वारा तहसील दिवस आयोजित किया गया। जिला सभागार परिसर में आयोजित इस जन-सुनवाई कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने की। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों सहित आमजन से संवाद करते हुए क्षेत्र की समस्याओं का संज्ञान लिया गया।
कार्यक्रम में जल निगम, पंपिंग योजना, वन विभाग, लघु सिंचाई, सड़क, स्वास्थ्य एवं विद्युत विभागों से संबंधित कुल 65 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें अधिकतर शिकायतें पेयजल आपूर्ति और विद्युत समस्याओं से जुड़ी रही।
जनप्रतिनिधियों और आम लोगों की मुख्य मांगें
तहसील दिवस में फरियादियों द्वारा—
- लोक निर्माण विभाग की सड़कों की मरम्मत,
- खेल मैदान निर्माण को शीघ्र पूरा करने,
- निरंतर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था,
- क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर लगाने
जैसी मांगें रखी गईं।
क्षेत्रीय मुद्दों पर प्रशासन की त्वरित कार्यवाही
1️⃣ विद्युत सब स्टेशन व मुआवजा प्रकरण
जिला पंचायत सदस्य (चिलेडी) उत्तम सिंह असवाल द्वारा क्षेत्र में विद्युत सब स्टेशन खोलने तथा स्थानीय कास्तकारों की बैल जोड़ी एवं बकरी की करंट लगने से हुई मौत का मुआवजा दिलाने की मांग पर जिलाधिकारी ने एसडीएम कीर्तिनगर और विद्युत विभाग को प्रस्ताव प्रस्तुत कर मुआवजा देने के निर्देश दिए।
2️⃣ हडिमधार पेयजल योजना
मनोज लखेड़ा, क्षेत्र पंचायत सदस्य कणोली द्वारा हडिमधार पेयजल योजना से कणोली व पैन्डुला में पानी आपूर्ति सुचारू करने की मांग पर जिलाधिकारी ने पेयजल विभाग को 31 दिसंबर तक कार्य पूर्ण कर पेयजल वितरण व्यवस्था सुचारू करने के निर्देश दिए।
3️⃣ एनएच मुआवजा प्रकरण
ओम प्रकाश बधानी द्वारा एनएच मुआवजे को A श्रेणी में दिलाने की मांग पर जिलाधिकारी ने एसएलओ को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
4️⃣ सामूहिक भवन निर्माण
नैथाणा के प्रधान द्वारा पंचायत में सामूहिक भवन निर्माण की मांग पर जिलाधिकारी ने एएमए जिला पंचायत को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
रेलवे स्टेशन का नाम बदलने की मांग
स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा श्रीनगर रेलवे स्टेशन का नाम नैथाणा–रानीहाट रखने की मांग उठाई गई। उनका कहना है कि स्टेशन का नाम उसी क्षेत्र के नाम पर रखा जाए, जहां निर्माण कार्य चल रहा है। इस पर जिलाधिकारी ने बताया कि इस संदर्भ में संबंधित विभाग को पत्र भेजा जाएगा।
अन्य शिकायतें
जीवीके कम्पनी द्वारा पानी छोड़ने के बाद प्रभावित सड़क, विद्युत पोल लाइट की मरम्मत और प्रतिकर भुगतान संबंधी शिकायतें भी दर्ज की गईं, जिन पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में एसडीएम कीर्तिनगर मंजू राजपूत, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, डीडीओ मोहम्मद असलम, नायब तहसीलदार प्रदीप कण्डारी, जनप्रतिनिधि, विभागाध्यक्ष, पत्रकारगण एवं स्थानीय जनता उपस्थित रहे।
