नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित हुआ शपथ ग्रहण एवं भाषण प्रतियोगिता, विद्यार्थियों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संकल्प
पौड़ी गढ़वाल, मजरा महादेव (Sarhad Ka Sakshi):
राजकीय महाविद्यालय, मजरा महादेव में ‘राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन’ एवं ‘जल शक्ति मंत्रालय, भारत सरकार’ के तत्वावधान में नमामि गंगे कार्यक्रम के अंतर्गत (16 मार्च से 31 मार्च 2025) आयोजित गंगा स्वच्छता पखवाड़े में आज “गंगा स्वच्छता शपथ” और भाषण प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजेश कुमार ने स्वच्छता पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि—
“स्वच्छता का अर्थ केवल सफाई ही नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवन और मानसिक शांति से भी है। महात्मा गांधी ने कहा था ‘स्वच्छता ही सेवा है’, इसलिए हर व्यक्ति को अपनी दिनचर्या में स्वच्छता को अनिवार्य रूप से शामिल करना चाहिए।”
नमामि गंगे के नोडल अधिकारी इंद्रपाल सिंह रावत ने भी छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि स्वच्छता एक अच्छी आदत है, जो हमारे जीवन की गुणवत्ता को बढ़ाती है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे न केवल स्वयं स्वच्छता अपनाएं, बल्कि अपने परिवार और समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
🏆 भाषण प्रतियोगिता परिणाम:
- प्रथम स्थान – लक्ष्मी चमोला (पंचम सेमेस्टर)
- द्वितीय स्थान – नंदिनी (प्रथम सेमेस्टर)
- तृतीय स्थान – देवेश्वरी (प्रथम सेमेस्टर)
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राध्यापकगण—डॉ. गजराज, डॉ. अंकित कुमार सिंह, डॉ. सिद्धार्थ रजक और डॉ. चन्द्र बल्लभ नैनवाल सहित शिक्षणेतर कर्मचारी विक्रम सिंह रावत, वीरेन्द्र सिंह, सुनील सिंह और मनोज रावत ने भी सक्रिय सहयोग प्रदान किया।
महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर प्रतिभाग किया और गंगा स्वच्छता का संकल्प दोहराया।
