घरेलू गैस सिलेंडर महंगाई के खिलाफ नई टिहरी में महिला कांग्रेस का प्रदर्शन, कीमतें घटाने की मांग
महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत और पूर्व पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ की नारेबाजी
नई टिहरी | 08 मार्च 2026।
घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के विरोध में नई टिहरी में महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने बढ़ती महंगाई के खिलाफ केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए गैस सिलेंडर की कीमतों में तत्काल राहत देने की मांग की।
इस प्रदर्शन का नेतृत्व महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष आशा रावत और नगर पालिका परिषद टिहरी की पूर्व अध्यक्ष सीमा कृषाली ने किया।
बढ़ती महंगाई से बिगड़ रहा रसोई का बजट
प्रदर्शन के दौरान महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि से आम जनता, विशेषकर गृहणियों की रसोई का बजट बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
कार्यकर्ताओं का कहना था कि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे आम लोगों के लिए गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी ने स्थिति और कठिन बना दी है।
सरकार से राहत देने की मांग
इस अवसर पर महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत ने कहा कि केंद्र सरकार को तुरंत गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी कर आम जनता को राहत देनी चाहिए।
वहीं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष सीमा कृषाली ने कहा कि महिला कांग्रेस हमेशा जनता के हितों के लिए आवाज उठाती रही है और आगे भी आम लोगों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रहेगा।
आंदोलन तेज करने की चेतावनी
महिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही गैस सिलेंडर की कीमतों में कमी नहीं की गई और महंगाई पर नियंत्रण नहीं हुआ, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान ममता उनियाल (बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ अध्यक्ष), शगुफ्ता प्रवीन (जिला उपाध्यक्ष), अनिता रावत (शहर अध्यक्ष), अनिता शाह (जिला सचिव), सोनू नवाल, रेनू, ममता, सलोनी, हेमलता सहित कई महिला कार्यकर्ता उपस्थित रहीं।
