चंबा में विश्व योग दिवस पर उमड़ा जनसैलाब, सैकड़ों लोगों ने किया सामूहिक योगाभ्यास
राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नागरिकों, पूर्व सैनिकों, कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने लिया भाग, योग के साथ स्वच्छता का भी दिया संदेश
चंबा (टिहरी गढ़वाल), 21 जून 2026, SKS News।
रिपोर्ट : सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’
विश्व योग दिवस के अवसर पर राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल चंबा के प्रांगण में भव्य योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें नगर एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वरिष्ठ चिकित्साधिकारी डॉ. विशा भूषण द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
सुबह से ही योग स्थल पर लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। योग प्रशिक्षक अजय रणाकोटी एवं सुनैना के निर्देशन में सैकड़ों प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास किया। योग विशेषज्ञों ने उपस्थित लोगों को योग के माध्यम से शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने तथा तनावमुक्त जीवन जीने के उपाय बताए।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को ताड़ासन, वृक्षासन, भुजंगासन, वज्रासन, अनुलोम-विलोम, कपालभाति सहित कई महत्वपूर्ण योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने बताया कि नियमित योगाभ्यास से शरीर स्वस्थ, लचीला एवं ऊर्जावान बना रहता है तथा अनेक गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
राजकीय आयुर्वेदिक अस्पताल द्वारा योगाभ्यास के लिए उत्कृष्ट व्यवस्थाएं की गई थीं। कार्यक्रम में नगर पालिका क्षेत्र के तीनों वार्डों के नागरिकों, राजस्व विभाग, कृषि विभाग के कर्मचारियों, पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त शिक्षकों, कर्मचारियों एवं वरिष्ठ नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता की। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, टिहरी गढ़वाल के अधिकार मित्रों ने भी लोगों को योग कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम की एक विशेष आकर्षण जनकवि एवं समाजसेवी सोमवारी लाल सकलानी ‘निशांत’ की प्रेरणादायक प्रस्तुति रही। उन्होंने अपनी कविताओं के माध्यम से योग, स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं संयमित जीवनशैली का संदेश दिया। उनकी रचनाओं ने उपस्थित लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया और स्वस्थ जीवन के प्रति जागरूकता का संदेश दिया।
योगाभ्यास के उपरांत अस्पताल परिसर एवं आसपास के क्षेत्र में स्वच्छता अभियान भी चलाया गया। प्रतिभागियों ने स्वच्छ वातावरण बनाए रखने का संकल्प लेते हुए साफ-सफाई के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य केवल योग को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि स्वस्थ एवं स्वच्छ समाज के निर्माण का संदेश देना भी था।
इस अवसर पर डॉ. संदीप कटियार, डॉ. प्रेशिका एम. उनियाल, हरीश भट्ट, अरबिंद सेमवाल, शिव प्रकाश कोठारी, इंद्र सिंह नेगी, गुड्डी रावत, राजेंद्र सिंह नकोटी, कविता राणावत, अनिता भंडारी, शक्ति प्रसाद जोशी, महेश पैन्यूली, अरविंद मखलोगा, विनोद रावत सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक एवं योग प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर अस्पताल प्रशासन द्वारा सभी प्रतिभागियों के लिए जलपान की व्यवस्था की गई तथा नियमित योगाभ्यास को जीवन का हिस्सा बनाने का आह्वान किया गया।
