जनता दरबार में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं 51 जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित निस्तारण के निर्देश
पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण एवं सड़क सुरक्षा से जुड़ी शिकायतों पर हुई सुनवाई, सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की भी समीक्षा
टिहरी गढ़वाल, 22 जून 2026, SKS News।
जनपद टिहरी गढ़वाल में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम के दौरान जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने आम नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में आयोजित जनता दरबार में कुल 51 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें पेयजल, मुआवजा, आपदा, अतिक्रमण, सड़क सुरक्षा एवं अन्य जनहित से जुड़े विषय प्रमुख रहे।
जनता दरबार के दौरान नई टिहरी सी-ब्लॉक टाइप-3 निवासी बीना सजवाण एवं अन्य महिलाओं ने निकटवर्ती आश्रम द्वारा सड़क पर अवैध कब्जा करने, कूड़ा फेंकने तथा अभद्र व्यवहार किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पुलिस विभाग, नगर पालिका परिषद एवं लोक निर्माण विभाग को संयुक्त रूप से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
विकासखंड जाखणीधार के ग्राम करास के ग्रामीणों ने क्षेत्र में पेयजल संकट की समस्या उठाई। ग्रामीणों ने बताया कि वर्तमान में पेयजल व्यवस्था का संचालन स्वयं ग्रामीणों द्वारा किया जा रहा है, जिसके कारण जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। इस पर जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से पेयजल योजना का संचालन संबंधित विभाग को सौंपने पर विचार करने को कहा तथा व्यवस्था में सुधार हेतु आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में जाख-कुट्ठा मोटर मार्ग निर्माण से प्रभावित ग्रामीणों ने प्रतिकर (मुआवजा) दिलाए जाने की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग बौराड़ी को मामले का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
विकासखंड जौनपुर के ग्राम बंगसील निवासी पूजा देवी ने पेयजल समस्या से संबंधित शिकायत दर्ज कराई। जिलाधिकारी ने जल संस्थान को आवश्यक कार्रवाई करते हुए उप जिलाधिकारी धनोल्टी के माध्यम से विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
चंबा-पुरानी टिहरी मार्ग स्थित ग्राम पुरषोल के निवासी हरिदास ने अपने घर के समीप सुरक्षा दीवार निर्माण की मांग रखी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग चंबा को स्थल निरीक्षण कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने तथा आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
नई टिहरी बौराड़ी निवासी ध्यान सिंह नेगी ने अपने आवास के सामने स्थित पार्क एवं सार्वजनिक मार्ग पर अतिक्रमण किए जाने की शिकायत दर्ज कराई। इस पर तहसीलदार टिहरी को मौके की जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।
जनता दरबार के दौरान चंबा क्षेत्र के नागणी निवासी गुरु प्रसाद उबराल ने सड़क निर्माण के दौरान कटान में आए पेड़ों का मुआवजा न मिलने की शिकायत की। इस पर लोक निर्माण विभाग चंबा के अधिकारियों ने अवगत कराया कि शासन स्तर से संबंधित धनराशि प्राप्त हो चुकी है तथा भुगतान की प्रक्रिया प्रगति पर है।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि जन शिकायतों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता दरबार में प्राप्त प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्यवाही करते हुए निर्धारित समयावधि में समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को राहत मिल सके और प्रशासन के प्रति विश्वास मजबूत हो।
