जनता दरबार में डीएम नितिका खण्डेलवाल ने सुनीं जनसमस्याएं, 50 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश
पेयजल, सड़क, पेंशन और पुनर्वास से जुड़े मामलों पर अधिकारियों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश, सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की भी हुई समीक्षा
नई टिहरी, 18 मई 2026 | SKS News।
सोमवार को जिला सभागार, नई टिहरी में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में जनपदवासियों की विभिन्न समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया। कार्यक्रम के दौरान कुल 50 आवेदन पत्र प्राप्त हुए, जिनमें मुख्य रूप से पेयजल, विद्युत, वृद्धावस्था पेंशन, सड़क, पुनर्वास एवं अन्य जनसमस्याओं से जुड़े मामले शामिल रहे।
जनता दरबार में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनता से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। इस दौरान सीएम हेल्पलाइन एवं जन समर्पण पोर्टल पर दर्ज लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जिन शिकायतों का समाधान हो चुका है, उन्हें तत्काल पोर्टल पर अपडेट किया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
सड़क सुरक्षा एवं सुरक्षात्मक कार्य के निर्देश
कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र पंचायत सदस्य बागी-खेमड़ा (सारजूला) गीता नेगी ने खेमड़ा-कुंडाली मोटर मार्ग के किमी 3 में भगवानी देवी के मकान के समीप एवं किमी 3 चे० 2/3 पर क्षतिग्रस्त दीवार के सुरक्षात्मक कार्य की मांग उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन अधिकारी को आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
इंटर कॉलेजों में कॉमर्स फैकल्टी खोलने की मांग
दिनेश चन्द्र (मास्टर) द्वारा देवप्रयाग क्षेत्र के भरपूर, मुन्नाखाल, चमराड़ा देवी और गोर्ति काण्डा इंटर कॉलेजों में कॉमर्स फैकल्टी शुरू करने की मांग रखी गई। साथ ही गोर्ति काण्डा क्षेत्र में जल जीवन मिशन योजना के तहत जलविहीन नलों की शिकायत भी की गई।
इस पर जिलाधिकारी ने मुख्य शिक्षा अधिकारी को वाणिज्य संकाय के पद सृजित करने हेतु शासन से पत्राचार करने तथा पेयजल विभाग को क्षेत्र में नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
विस्थापितों को भुगतान दिलाने के निर्देश
ग्राम भटकंडा-लुणेटा के विस्थापितों ने शिकायत की कि वर्ष 2024 में भूमि की रजिस्ट्री होने के बावजूद अभी तक भुगतान नहीं किया गया है। जिलाधिकारी ने प्रभारी अधिकारी पुनर्वास को इस मामले में प्राथमिकता के आधार पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
विकास खण्ड नरेन्द्रनगर के ग्राम ताछला की बेमर तोक निवासी रीता देवी द्वारा पेयजल और रास्ते की व्यवस्था की मांग की गई, जिस पर जिलाधिकारी ने जल निगम को तत्काल पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
मौके पर निस्तारण के निर्देश
जनता दरबार में समाज कल्याण विभाग की पेंशन योजनाओं, लघु सिंचाई की गूल निर्माण, विद्युत पोल हटाने समेत कई अन्य शिकायतें एवं मांगपत्र प्राप्त हुए, जिनके त्वरित निस्तारण हेतु संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही निर्देशित किया गया।
जनता दरबार में सीडीओ वरुणा अग्रवाल, एडीएम शैलेन्द्र नेगी, एसडीएम टिहरी कमलेश मेहता, सीएमओ डॉ. श्याम विजय, आईएएस प्रशिक्षु ज्योति सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
