ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं, वैकल्पिक सड़क व पुल व्यवस्था जल्द करने के निर्देश
खाद्य आपूर्ति, शिक्षा और सुरक्षा को लेकर आश्वासन – दिसंबर तक मुख्य पुल का कार्य पूरा करने का लक्ष्य
टिहरी गढ़वाल, 10 सितम्बर 2025।
शासन के दिशा-निर्देशों के तहत जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल नितिका खण्डेलवाल ने देर शाम तहसील घनसाली के आपदा प्रभावित क्षेत्रों – कोट, विशन, भिगुन, तिनगढ, तोली, जखाणा और बूढ़ाकेदार का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं को सुना और शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
🚧 सड़क और पुल मरम्मत पर जोर
जखाणा से गैंवाली गांव को जोड़ने वाली सड़क भूस्खलन के कारण वाशआउट हो चुकी है, वहीं दो पुल भी क्षतिग्रस्त हो गए हैं। जिलाधिकारी ने ठेकेदार को एक सप्ताह के भीतर वैकल्पिक व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई और बेवकॉस के अनुसार अगले 10 दिनों में अस्थायी आवाजाही बहाल करने का प्रयास किया जाएगा, जबकि मुख्य पुल का निर्माण दिसंबर 2025 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। जिलाधिकारी ने 15 दिनों के भीतर कार्यों का विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
🌾 खाद्यान्न और छात्र-छात्राओं की सुविधा
ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पहले से तीन माह का अग्रिम राशन उपलब्ध कराया गया है। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अगले दो माह का राशन भी शीघ्र उपलब्ध कराया जाए।
बालगंगा नदी पर क्षतिग्रस्त संपर्क पुल के कारण विद्यालय जाने वाले छात्रों की समस्या पर उन्होंने अधिकारियों को सुरक्षित वैकल्पिक वाहन व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
🏫 विद्यालय और गांवों की समस्याओं पर कार्रवाई
कोट-विशन के विद्यालय में सुरक्षात्मक कार्यों की स्वीकृति मिलने की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि धनराशि प्राप्त होते ही काम शुरू होगा।
विस्थापित तिनगढ़ वासियों ने संपर्क मार्ग मरम्मत और स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग रखी। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग को मार्ग का प्राक्कलन बनाने और तहसीलदार को स्ट्रीट लाइट लगाने हेतु आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
🌊 नहर और भूमि कटाव का समाधान
जिलाधिकारी ने कहा कि बासर नहर के क्षतिग्रस्त हिस्से का प्राक्कलन प्रस्ताव जल्द शासन को भेजा जाएगा।
विशन गांव में भूमि कटाव से हो रही फसल क्षति पर उन्होंने आवश्यक सुरक्षात्मक कार्यों के निर्देश दिए।
इस मौके पर ब्लॉक प्रमुख भिलंगना राजीव कंडारी, नगर पंचायत अध्यक्ष चमियाला गोविंद सिंह राणा, डीडीओ मोहम्मद असलम, एसडीएम संदीप कुमार सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
