टिहरी: डीएम नितिका खण्डेलवाल ने आंगनवाड़ी केंद्र का किया निरीक्षण, नौनिहालों को स्वयं पढ़ाया और पोषण व्यवस्था परखी
गुणवत्तापूर्ण पोषण एवं नियमित स्वास्थ्य निगरानी के दिए निर्देश
टिहरी गढ़वाल, 06 अगस्त 2026 | SKS News
जनपद टिहरी गढ़वाल में बच्चों के समग्र विकास एवं प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने विकासखंड चंबा स्थित सुमन कॉलोनी आंगनवाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने केंद्र में उपलब्ध व्यवस्थाओं, पोषण सेवाओं एवं प्रारंभिक शिक्षा की गुणवत्ता का विस्तार से जायजा लिया।
पोषण एवं अभिलेखों की की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपस्थिति पंजिका, पोषण पंजिका एवं अन्य आवश्यक अभिलेखों का अवलोकन किया। उन्होंने केंद्र में पंजीकृत बच्चों की संख्या, नियमित वजन परीक्षण, स्वास्थ्य निगरानी तथा पोषण आहार वितरण की जानकारी प्राप्त की।
उन्होंने सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री को निर्देश दिए कि प्रत्येक बच्चे को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जाए तथा बच्चों के स्वास्थ्य और वजन की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।
बच्चों को स्वयं पढ़ाया, परखी प्रारंभिक शिक्षा
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बच्चों के साथ आत्मीय संवाद स्थापित किया। उन्होंने ब्लैकबोर्ड पर बच्चों को अंग्रेजी वर्णमाला (English Alphabet) एवं प्रारंभिक अक्षर ज्ञान का अभ्यास कराया।
उन्होंने बच्चों से वर्णमाला एवं प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका बच्चों ने उत्साहपूर्वक और संतोषजनक उत्तर दिया। जिलाधिकारी ने बच्चों की पुस्तकों का भी अवलोकन किया तथा उन्हें नियमित अध्ययन एवं सीखने की आदत विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
समग्र विकास पर दिया जोर
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने कहा कि आंगनवाड़ी केंद्र बच्चों के शारीरिक, मानसिक एवं बौद्धिक विकास की पहली आधारशिला हैं। इसलिए यहां पोषण, स्वास्थ्य एवं शिक्षा तीनों पहलुओं पर समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। निरीक्षण के दौरान सहायक आंगनवाड़ी कार्यकत्री लक्ष्मी देवी उपस्थित रहीं।
