टिहरी की दियूरी तल्ली ग्राम पंचायत बनी नशा मुक्त पंचायत, शराब परोसने पर पूर्ण प्रतिबंध
“शराब नहीं संस्कार” अभियान को मिली नई मजबूती, ग्राम सभा में सर्वसम्मति से पारित हुए ऐतिहासिक प्रस्ताव
नई टिहरी/चंबा, 26 मई 2026, SKS News।
टिहरी विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दियूरी तल्ली ने सामाजिक जागरूकता और नशामुक्त समाज की दिशा में ऐतिहासिक पहल करते हुए स्वयं को “नशा मुक्त ग्राम पंचायत” घोषित कर दिया है। ग्राम सभा में आयोजित बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित किए गए, जिनका उद्देश्य गांव में संस्कारयुक्त, अनुशासित एवं नशामुक्त वातावरण स्थापित करना है।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान सरला देवी ने की। ग्राम सभा में निर्णय लिया गया कि गांव में आयोजित होने वाले विवाह समारोहों, सामाजिक आयोजनों एवं अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शराब का पूर्ण बहिष्कार किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार किसी भी सामाजिक कार्यक्रम में शराब परोसना पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
इसके साथ ही ग्राम सभा में बिना अनुमति बाहरी व्यक्तियों के अनावश्यक प्रवेश पर रोक लगाने, विवाह समारोहों को रात्रि 12 बजे तक सीमित रखने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सामाजिक बहिष्कार एवं आर्थिक दंड लगाने का भी निर्णय लिया गया।
गांव में सामाजिक जागरूकता बनाए रखने और नशामुक्त वातावरण को मजबूत करने के लिए “ग्राम समाज सुधार समिति” का गठन भी किया गया। समिति में ऊषा देवी को अध्यक्ष, रीना देवी को उपाध्यक्ष, नीतू बाला को सचिव, गौरव सकलानी को सह सचिव तथा रमेश दत्त सकलानी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा विभिन्न वार्डों से कुसुम सेमवाल, कविता देवी, सुषमा, रजनी, सुमित थपलियाल, विवेक उनियाल, सरोजनी उनियाल सहित सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं महिलाओं को समिति में शामिल किया गया।
ग्राम प्रधान सरला देवी ने कहा कि गांव की युवा पीढ़ी को नशे से दूर रखना वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि “शराब नहीं संस्कार” जैसी सामाजिक मुहिम गांवों में सकारात्मक परिवर्तन ला रही हैं और दियूरी तल्ली ग्राम पंचायत इस अभियान को पूरी मजबूती के साथ आगे बढ़ाएगी।
“शराब नहीं संस्कार” अभियान के प्रणेता सुशील बहुगुणा ने कहा कि ग्राम पंचायतों द्वारा स्वयं आगे आकर नशामुक्ति के लिए प्रस्ताव पारित करना उत्तराखंड में सामाजिक जागरण का प्रतीक है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह पहल आने वाले समय में अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।
ग्राम समाज सुधार समिति की अध्यक्ष ऊषा देवी ने कहा कि समिति गांव में सामाजिक एकता, संस्कार एवं नशामुक्त वातावरण को मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य करेगी तथा महिलाओं और युवाओं को इस अभियान से सक्रिय रूप से जोड़ा जाएगा।
इस अवसर पर “शराब नहीं संस्कार” अभियान की टीम के सदस्य जगदीश बड़ोनी एवं लक्ष्मी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
