टिहरी के सुदाड़ा गांव में शादी-समारोहों में शराब पर पूर्ण प्रतिबंध, उल्लंघन पर ₹21 हजार जुर्माना
ग्राम सभा का ऐतिहासिक निर्णय—नशामुक्त समाज की दिशा में बड़ा कदम, सामाजिक बहिष्कार का भी प्रावधान
चंबा (टिहरी गढ़वाल) | दिनांक: 21 मार्च 2026
टिहरी गढ़वाल जनपद के विकासखंड चंबा अंतर्गत ग्राम पंचायत सुदाड़ा ने सामाजिक सुधार की दिशा में एक महत्वपूर्ण और साहसिक पहल करते हुए शादी-विवाह सहित सभी सामाजिक आयोजनों में शराब के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह निर्णय शनिवार को ग्राम पंचायत भवन सुदाड़ा में आयोजित ग्राम सभा की बैठक में सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक की अध्यक्षता ग्राम प्रधान बिजेंद्र सकलानी ने की, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए गांव को नशामुक्त बनाने का संकल्प लिया।

बैठक में “शराब नहीं संस्कार” मुहिम के प्रणेता सुशील बहुगुणा का संदेश भी साझा किया गया। उन्होंने कहा कि समाज की असली पहचान उसके संस्कारों से होती है, न कि नशे से। सुदाड़ा ग्राम पंचायत का यह निर्णय अन्य गांवों के लिए भी प्रेरणादायक साबित होगा।
ग्राम सभा में सामाजिक सुधार को मजबूती देने के लिए एक ग्राम सुधार समिति का गठन भी किया गया। समिति में अरविंद सिंह को अध्यक्ष, सरिता सकलानी को उपाध्यक्ष, खेमराज बिजल्वाण को सचिव, सुशीला देवी को सह सचिव तथा दिनेश प्रसाद को कोषाध्यक्ष बनाया गया। इसके अलावा कई अन्य ग्रामीणों को समिति का सदस्य नामित किया गया।
ग्राम सभा द्वारा लिए गए निर्णयों के अनुसार अब गांव में किसी भी शादी-समारोह या अन्य कार्यक्रम में शराब का उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। साथ ही विवाह समारोहों में डीजे रात 11 बजे तक ही संचालित किया जा सकेगा।
ग्राम पंचायत ने यह भी स्पष्ट किया है कि शराब पीकर गांव में अशांति फैलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बाहरी व्यक्तियों द्वारा शराब लाने या बेचने पर भी पूर्ण प्रतिबंध रहेगा और किसी भी ग्रामीण द्वारा बाहरी व्यक्ति को शराब उपलब्ध कराना दंडनीय अपराध माना जाएगा।
इन नियमों का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्ति पर ₹21 हजार का आर्थिक दंड लगाया जाएगा तथा सामाजिक बहिष्कार जैसी कठोर कार्रवाई भी की जाएगी।
ग्रामीणों ने इस निर्णय को समाजहित में ऐतिहासिक कदम बताते हुए इसे पूरी तरह लागू करने का संकल्प लिया है। क्षेत्र में इस पहल को नशामुक्त समाज की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण के रूप में देखा जा रहा है।
इस अवसर पर “शराब नहीं संस्कार” मुहिम से जुड़े कुंभीबाला भट्ट एवं लक्ष्मी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
