टिहरी जिले में हर्षोल्लास से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने फहराया तिरंगा
प्रताप इंटर कॉलेज में आयोजित मुख्य समारोह में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों का सम्मान, छात्र-छात्राओं ने दी देशभक्ति से ओत-प्रोत प्रस्तुतियां
टिहरी/15 अगस्त, 2026। जनपद टिहरी गढ़वाल में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गरिमा और राष्ट्रप्रेम की भावना के साथ धूमधाम से मनाया गया। जिला कार्यालय में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल, पुलिस कार्यालय में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे तथा विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों एवं संस्थानों में राष्ट्रध्वज फहराया गया। इस दौरान राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन किया गया।
प्रताप इंटर कॉलेज में हुआ मुख्य समारोह
स्वतंत्रता दिवस का मुख्य कार्यक्रम प्रताप इंटर कॉलेज, टिहरी में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री गणेश जोशी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग कर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। राष्ट्रगान के दौरान पूरा परिसर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम की भावना से गूंज उठा।
जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने जनपदवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि टिहरी का इतिहास देश के इतिहास में विशेष महत्व रखता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 1949 में टिहरी रियासत का भारत में विलय हुआ और टिहरी की जनता ने देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उन्होंने कहा कि टिहरी के लोगों ने स्वतंत्रता आंदोलन, उत्तराखंड आंदोलन और विस्थापन के दौर में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है। आज टिहरी हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है तथा टिहरी झील क्षेत्र के विकास के लिए एडीबी पोषित योजनाओं पर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से पूर्वजों के योगदान एवं उनकी भावनाओं को आत्मसात कर देश और समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
उत्तराखंड वीरों की भूमि : गणेश जोशी
मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों और शहीदों को स्मरण करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड वीरों की भूमि है और सेना में हर पांचवां सैनिक उत्तराखंड से है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत निरंतर एक मजबूत राष्ट्र के रूप में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में शहीद सैनिकों एवं उनके परिजनों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। शहीदों के परिजनों को मिलने वाली अनुदान राशि, सरकारी नौकरी तथा सैन्य पुरस्कारों के तहत दी जाने वाली प्रोत्साहन राशि में वृद्धि की गई है।
आपदा प्रबंधन का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आपदा को रोका नहीं जा सकता, लेकिन उसके प्रभाव को कम किया जा सकता है। प्रदेश सरकार द्वारा त्वरित राहत एवं बचाव कार्यों के माध्यम से इसके प्रभाव को कम करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने 1971 के युद्ध में पाकिस्तानी सैनिकों के आत्मसमर्पण तथा बालाकोट स्ट्राइक का उल्लेख करते हुए कहा कि “यह नया भारत है, जो हर चुनौती का मजबूती से जवाब देना जानता है।” उन्होंने बच्चों और युवाओं से देश के इतिहास को जानने तथा विभाजन विभीषिका से संबंधित प्रदर्शनी का अवलोकन करने की अपील की।
किशोर उपाध्याय ने याद किया टिहरी का गौरवशाली इतिहास
स्थानीय विधायक किशोर उपाध्याय ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा शक्ति देश और प्रदेश को नए रूप में आगे ले जा रही है। उन्होंने टिहरी और टिहरीयत के इतिहास का उल्लेख करते हुए श्रीदेव सुमन, मोलू भरदारी सहित अन्य आंदोलनकारियों को स्मरण किया।
उन्होंने कहा कि जिस भावना के साथ टिहरी भारतवर्ष में शामिल हुआ था, उसी भावना के साथ आगे बढ़ने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि आगामी समय में प्रधानमंत्री के टिहरी जिले में आने का कार्यक्रम जनपद के लिए गर्व का विषय है और इससे टिहरी की कई समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल होने की उम्मीद है।
टिहरी को स्वच्छ एवं विकसित पर्यटन नगरी बनाने का आह्वान
जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने कहा कि उत्तराखंड निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है और टिहरी भी विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि टिहरी अपनी प्राकृतिक सुंदरता और पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। सभी का कर्तव्य है कि टिहरी को स्वच्छ, सुंदर एवं विकसित पर्यटन नगरी के रूप में आगे बढ़ाया जाए।
उन्होंने कहा कि “जब जिला सशक्त होगा, तभी प्रदेश सशक्त होगा और प्रदेश के सशक्त होने से देश भी सशक्त बनेगा।”
स्वतंत्रता सेनानियों एवं आंदोलनकारियों के परिजनों का सम्मान
कार्यक्रम में स्वतंत्रता सेनानियों एवं उत्तराखंड आंदोलनकारियों के परिजनों को सम्मानित किया गया। स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिन्हें उपस्थित लोगों ने खूब सराहा। उत्कृष्ट प्रस्तुतियों के लिए छात्र-छात्राओं को पुरस्कृत भी किया गया।
इस अवसर पर श्रम विभाग द्वारा लाभार्थियों को किट वितरित की गई। मुख्य अतिथि ने कृषि विभाग की फार्म मशीनरी बैंक योजना के तहत नरसिंह देवता उत्पादक समूह, ग्राम ग्वाड़ सारत्यूला को चार लाख रुपये का चेक प्रदान किया।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से सचल हेल्थ चेकअप चिकित्सा वैन का शुभारंभ एवं निरीक्षण भी किया गया।
बुरांश का पौधा रोपित कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश
स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने पीआईसी परिसर में बुरांश का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इसके साथ ही विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण, नगर पालिका परिषद टिहरी अध्यक्ष मोहन सिंह रावत, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष मान सिंह रौतेला, सदस्य उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग सुनीता देवी, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय रावत, कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुरारी लाल खंडवाल, अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, उपजिलाधिकारी कमलेश मेहता सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, विद्यार्थी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
