🏞️ म्यूजियम पार्क से लेकर इको-टूरिज्म परियोजनाओं पर मंथन
टिहरी | 07 जनवरी 2026
टिहरी झील क्षेत्र में स्थायी (सस्टेनेबल) पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मंगलवार को कोटी कॉलोनी स्थित एक निजी होटल में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने की। बैठक में उत्तराखंड टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड के अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी/परियोजना निदेशक अभिषेक रूहेला, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में एशियन डेवलपमेंट बैंक (ADB) द्वारा प्रस्तावित एवं निर्माणाधीन पर्यटन परियोजनाओं पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही टिहरी अर्बन डेवलपमेंट अथॉरिटी (TADA) क्षेत्र के अंतर्गत नक्शा पास करने की प्रक्रियाओं पर भी विचार-विमर्श किया गया। इस दौरान म्यूजियम बिल्डिंग, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट, एडवेंचर पार्क, इको पार्क, टिहरी ग्रीन प्रोजेक्ट, प्रमुख पर्यटन स्थल, सेल्फी प्वाइंट्स तथा शहरी नियोजन से जुड़े प्रस्तावों की प्रस्तुति दी गई।

जिलाधिकारी ने नई टिहरी में प्रस्तावित म्यूजियम पार्क को विशेष पहचान दिलाने के उद्देश्य से टिहरी झील में डूब चुकी ऐतिहासिक व अद्भुत धरोहरों का डेटा संकलित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह पहल पर्यटन के साथ-साथ क्षेत्रीय इतिहास और स्मृतियों को भी संरक्षित करेगी।

पर्यटन को ग्राम स्तर तक विस्तार देने के लिए ग्राम बागी और गाजणा में प्रस्तावित परियोजनाओं पर भी चर्चा की गई। इस संबंध में संबंधित अधिकारियों को परियोजना प्रस्ताव तैयार कर बजट मांग (डिमांड) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में आईएएस प्रशिक्षु स्नेहल कुंवर, एसडीएम टिहरी संदीप कुमार, जिला पर्यटन विकास अधिकारी एस. एस. राणा, परियोजना प्रबंधक आशीष कठैत, सहायक अभियंता डीडीए पंकज पाठक सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
