टिहरी झील में ऑल इंडिया पुलिस कप को लेकर मंथन, DM नितिका खंडेलवाल ने दिए समन्वय के निर्देश
पर्यटन सीजन में राफ्टिंग-बोटिंग प्रभावित न हो—जिलाधिकारी ने प्रतियोगिताओं के लिए कैलेंडर जारी करने के संकेत दिए
टिहरी गढ़वाल| दिनांक: 20 मार्च 2026
टिहरी गढ़वाल में आगामी पर्यटन सीजन और टिहरी बांध जलाशय में प्रस्तावित ऑल इंडिया पुलिस कप प्रतियोगिता को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। शुक्रवार को जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल की अध्यक्षता में जिला सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें विभिन्न विभागों और बोट यूनियन से जुड़े मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में केज कल्वर, बोट यूनियन, टीएचडीसी, आईटीबीपी और पर्यटन विभाग सहित संबंधित अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई। जिलाधिकारी ने सभी पक्षों को आपसी समन्वय के साथ समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए।
बोट यूनियन के प्रतिनिधियों ने अवगत कराया कि ऑल इंडिया पुलिस कप की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन पर्यटन सीजन के दौरान इस आयोजन से राफ्टिंग और बोटिंग गतिविधियों पर प्रभाव पड़ सकता है। इस पर जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बोट यूनियन और संबंधित विभाग मिलकर पहले से ही यह तय करें कि किन स्थानों से राफ्टिंग और बोटिंग संचालित होगी तथा प्रतियोगिता के दौरान मार्ग और क्षेत्र कैसे निर्धारित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि इस तरह की योजना बनाकर यह सुनिश्चित किया जाए कि पर्यटन गतिविधियां और खेल आयोजन दोनों सुचारू रूप से संचालित हो सकें और किसी भी प्रकार की असुविधा पर्यटकों को न हो।
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल ने यह भी कहा कि पर्यटन सीजन के दौरान टिहरी झील में किसी भी प्रकार की प्रतियोगिता आयोजित करने से पहले समुचित योजना बनाई जाएगी। इस संबंध में शीघ्र ही एक विस्तृत कैलेंडर जारी किया जाएगा, ताकि सभी गतिविधियों का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक में टीएचडीसी के महाप्रबंधक विजय सहगल, जिला पर्यटन अधिकारी एस.एस. राणा, आईटीबीपी के अधिकारी आशुतोष बिष्ट, प्राधिकरण प्रबंधक आशीष कठैत, मत्स्य अधिकारी वी.पी. सिंह, निरीक्षक आमोद नौटियाल, टीएचडीसी के गणेश प्रसाद भट्ट सहित बोट यूनियन के लखवीर चौहान और मनीष रावत समेत कई अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
